साइकिल चलाकर झज्जर पहुंचे IG और SP, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

6/30/2017 2:58:20 PM

रोहतक:पुलिस महानिरीक्षक रोहतक रेंज नवदीप सिंह विर्क ने पुलिस अधीक्षक पंकज नैन के साथ मिलकर रोहतक से झज्जर तक का सफर साइकिल से किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यातायात व्यवस्था का भी जायजा लिया। रोहतक से झज्जर के बीच में पड़ने वाले नाकों, पी.सी.आर. राइडरों को चैक किया। बूंदाबांदी के मध्य उन्होंने 46 किलोमीटर का सफर मात्र 1 घंटा 55 मिनट में तय किया। झज्जर में उन्होंने पुलिस अधीक्षक झज्जर बी. सतीश बालन के आवास पर योग अभ्यास किया। इस सफर में उनके साथ पूर्व भारतीय हाकी खिलाड़ी अजित सिंह नांदल भी रहे। 

पुलिस महानिरीक्षक नवदीप सिंह विर्क ने बताया कि साइकिलिंग के माध्यम से सुबह सैर करने के कई मकसद है। साइकिलिंग से आपका शरीर तंदुरुस्त रहता है। व्यायाम करने से शरीर में ताजगी आती है तथा तनाव भी दूर होता है। इसके साथ-साथ उनका मकसद पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों व आमजन को साइकिलिंग के लिए प्रेरित करना है, ताकि वे भी नियमित रूप से व्यायाम करें तथा स्वस्थ रहें। इसके अलावा सुरक्षा व यातायात व्यवस्था का जायजा लिया गया। जवान सुबह के समय भी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करें। जिला पुलिस ने सुबह के वक्त मुस्तैदी से ड्यूटी करते हुए लूट आदि की कई वारदातें हल की हैं। पुलिस की हाजिरी से आमजन में सुरक्षा की भावना बनी रहती है।