भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक बनाने पर नवीन गोयल ने जताया संगठन का आभार

2/8/2024 6:35:19 PM

गुड़गांव,(ब्यूरो): भारतीय जनता पार्टी द्वारा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक का दायित्व मिलने पर पर्यावरण संरक्षण विभाग भाजपा हरियाणा के प्रमुख एवं एक भारत श्रेष्ठ भारत कमेटी के प्रदेश सह-संयोजक नवीन गोयल ने कहा है कि उन पर संगठन ने जो विश्वास दिलाया है, उस पर वे खरे उतरेंगे। इस नियुक्ति पर साथियों ने भी नवीन गोयल को शुभकामनाएं दी हैं।  

गुड़गांव की खबरों के लिए इस लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।


नवीन गोयल ने इस दायित्व के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल, हरियाणा प्रभारी बिप्लब कुमार देब, केंद्रीय संसदीय बोर्ड एवं चुनाव समिति की सदस्या डॉ. सुधा यादव, प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी का आभार प्रकट करते हुए कहा कि वे पार्टी द्वारा दिए गए इस दायित्व का अपनी पूरी क्षमता से निर्वहन करने का प्रयत्न करेंगे। नवीन गोयल ने व्यापारी भाईयों को सरकार की ओर से हर सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने कहा, उनका सपना है कि आने वाले समय में गुरुग्राम में एक बेहतरीन अनाजमंडी, सब्जी मंडी हो। इसके लिए अनाज मंडी व सब्जी मंडी का नवीनीकरण करवाना है। मंडी में बेहतरीन शेड हों, फड़ हों। व्यापारियों, किसानों के लिए बेहतर सुविधाएं हों।


उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने मुख्यमंत्री व्यापारी क्षतिपूर्ति योजना तक लागू की है। इसके दायरे में बड़े-छोटे व्यापारियों को शामिल किया गया है। नवीन गोयल ने कहा कि सरकार ने 9 साल में विकास के नये आयाम स्थापित किये हैं। हर वर्ग के साथ व्यापारियों को भी अनुकूल माहौल दिया है। जब गोहाना में आग लगी थी तो सरकार ने सबसे पहले आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई थी। जब जीएसटी विभाग व्यापारियों, दुकानदारों को वेरिफिकेशन के नाम पर परेशान कर रहा था तो सरकार ने इस काम को रुकवाया। कुछ गलत काम करने वालों पर ही कार्रवाई की गई।  नवीन गोयल ने कहा कि वे प्रदेश के हर हल्के, हर शहर, हर मण्डल में जाकर व्यापारी भाइयों को सरकार की नीतियों से अवगत कराएंगे। अब से पहले भी वे गुरुग्राम समेत पूरे प्रदेश में व्यापारी वर्ग से जुड़े हुए हैं। उनकी दिक्कतों, समस्याओं को दूर करवाने के साथ उनके सहयोग से सिंगल यूज प्लास्टिक के सामान की बिक्री बंद करने का काम किया है।


उन्होंने कहा कि गुरुग्राम का व्यापारी वर्ग सदैव भारतीय जनता पार्टी की नीतियों को पसंद करता है। नवीन गोयल ने कहा कि समय-समय पर वे व्यापारियों के साथ बैठकें करके, अनौपचारिक मुलाकात करके उनकी समस्याओं से रूबरू होते हैं। शासन-प्रशासन के समक्ष उन्हें रखकर उनका निराकरण भी कराते हैं। चाहे शहर के किसी बाजार की कोई समस्या या मांग हो या फिर सब्जी मंडी, अनाज मंडी के दुकानदारों, व्यापारियों की कोई मांग हो। वे व्यापारी भाईयों के साथ उन मांगों को अधिकारियों, सरकार तक पहुंचाते हैं। काफी समस्याएं दूर की जा चुकी हैं।

 

Content Editor

Pawan Kumar Sethi