नवीन जिंदल ने हमें तिरंगा फहराने का हक दिलवाया: तंवर

2/1/2017 4:38:50 PM

कुरुक्षेत्र (धमीजा):प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने आज कहा कि देशवासियों को साल के 365 दिन राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने एवं तिरंगे के माध्यम से देशभक्ति की भावना प्रदर्शित करने का अधिकार पूर्व सांसद नवीन जिंदल ने दिलवाया। उन्होंने फ्लैग फाऊंडेशन ऑफ इंडिया नामक संस्था का गठन कर कश्मीर से कन्याकुमारी तक 65 विशालकाय राष्ट्रीयध्वज स्थापित किए। डा. तंवर आज कुरुक्षेत्र की पंजाबी धर्मशाला में कांग्रेस महासचिव पवन गर्ग के संचालन में आयोजित कुरुक्षेत्र जिला स्थापना एवं तिरंगा दिवस पर विचार प्रकट कर रहे थे। 
समारोह की अध्यक्षता करते हुए नवीन जिंदल ने क्षेत्रवासियों के साथ भावनात्मक संबंधों का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि हम सब जाति, मजहब और राजनीति से ऊपर उठकर तिरंगे का सम्मान करेंगे और एकता का परिचय देंगे, तभी सपनों का भारत बना पाएंगे। प्रदेश कांग्रेस महासचिव पवन गर्ग ने जिंदल की उपलब्धियों को गिनाया। अनिल धंतौड़ी एवं प्रदेश कांग्रेस सचिव मनदीप चड्ढा ने भी तिरंगा फहराने का अधिकार दिलाने पर जिंदल की उपलब्धियों का बखान किया। इससे पूर्व जिंदल ने समारोह स्थल पर तंवर का स्वागत किया। आयोजन स्थल पर जिंदल ने तिरंगा फहराया और आसमान में तिरंगे गुब्बारे छोड़े। जिंदल ने डा. तंवर को तिरंगा भी भेंट किया। इस मौके पर शिवचरण भोला, हरप्रीत सिंह चीमा, मेवा सिंह, कुलविंद्र खैरा, मोना राम विष्णु कालोनी, सतीश दयालपुर, सुरेंद्र बिट्टू, कर्म चंद भुस्थला, दर्शन खन्ना, मोहन लाल भांवरा, निशी गुप्ता, गौरव शर्मा गौरी, प्रतीक गर्ग, बिमला सिरोहा, रीना वाल्मीकि, सुनीता नेहरा व अमरदीप कौर आदि उपस्थित रहे।