अवैध खनन पर एक्शन के मूड में नायब सैनी, जिलाधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश

3/29/2018 12:37:33 PM

पानीपत(ब्यूरो): प्रदेश में जारी अवैध खनन पर खनन मंत्री नायब सैनी एक्शन के मूड में आ गए हैं। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि हर जिले में खनन के लिए विशेष टीमें बनाई जाएं, जो न केवल दिन में बल्कि रात को भी यमुना के साथ के क्षेत्र में निरीक्षण करें। जहां भी अवैध तरीके से खनन होता मिला, उसमें लगे वाहन को ऑन द स्पॉट ही जब्त कर लिया जाए। 

अवैध खनन का कोई भी मामला पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति पर एफआईआर हर हालत में दर्ज होनी चाहिए। भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में अवैध खनन को काफी हद तक रोका है। फिर भी यमुना किनारे जिन जगहों पर अवैध खनन की खबरें सामने आई हैं, वहां विशेष जांच करवाकर इस पर पूरी तरह रोक लगाने का काम करेंगे। 

अवैध खनन में लगे वाहन ऑन द स्पॉट होंगे जब्त 
मंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि रेत के रेट निर्धारण को लेकर जल्द ही एक नीति बनाएंगे। यह वित्त वर्ष समाप्त हो रहा है। अब नए वर्ष के लिए जल्द ही टेंडर जारी किए जाएंगे। इस बार ई-टेंडर कराए जाएंगे। टेंडर के समय ही तय किया जाएगा कि संबंधित ठेकेदार रेत को किस रेट में बेचेगा। खनन से प्राप्त होने वाले राजस्व को संबंधित गांवों के विकास पर लगाने के लिए भी एक योजना बनाई जाएगी। इसके लिए जल्द ही विभाग के अधिकारियों के साथ एक मीटिंग की जाएगी। उन्होंने सभी जिलों के अधिकारियों से उनके जिले में खनन गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी है। 
 

Punjab Kesari