राज्यमंत्री नायब सैनी के भतीजे को किडनैप कर मांगे 2 करोड़, बेसुध हालत में मिला

6/17/2017 12:42:16 PM

अंबाला:हरियाणा के लेबर एंड एम्पलॉयमेंट स्टेट मिनिस्टर नायब सैनी के भतीजे हनीश को कुछ लोगों ने पहले किडनैप कर लिया। फिर उसी के फोन से पिता को कॉल आई कि आपका बेटा हमारी कस्टडी में है और उसको छोड़ने की एवज में 2 करोड़ रुपए की फिरौती मांग भी की। जानकारी के मुताबिक गांव मिर्जापुर में रहने वाला हनीश अपनी बाइक से दोस्तों से मिलने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला।

परिवार ने उसके मोबाइल नंबर पर फोन पर किया तो भी किसी तरह की जानकारी नहीं मिली। परिवार ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। 

सवा घंटे बाद बेसुध हालत में मिला था हनीश
सूचना मिलते ही पुलिस की तमाम स्पेशल टीमें अलर्ट हो गई और जगह-जगह नाकाबंदी कर दी। सवा घंटे बाद पुलिस को हनीश के गांव लाहा में होने की इन्फॉर्मेशन मिली। उसी समय पुलिस मौके पर पहुंची और हनीश को बेसुध हालत में बरामद किया। एसपी अभिषेक जोरवाल का कहना है कि मामले की छानबीन चल रही है। 

हनीश को 6 लोगों ने किया था किडनैप
गांव लाहा से हनीश के मिलते ही आई.जी. डॉ. आरसी मिश्रा और एस.पी. अभिषेक जोरवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने बेसुध हनीश को लेकर हालात का जायजा लिया। साथ ही उसे अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित की हालत इतनी खराब थी कि वह लड़खड़ाती जुबान से कुछ भी बता नहीं पा रहा था। बस इतना ही कहा कि उसे 6 लोगों ने किडनैप किया था। मुझे कुछ सुंघाकर बेहाेश कर दिया था। वह लोग उसे कार में ले गए थे। यहां तक वह कैसे पहुंचा, इसकी उसे कोई जानकारी नहीं है।