Golden Boy नीरज चोपड़ा को मिलेगा परम विशिष्ट सेवा मेडल, जानिए इस पुरस्कार का महत्व

1/25/2022 5:13:37 PM

पानीपत: टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचने वाले नीरज चोपड़ा को परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जाएगा। 4 राजपूताना राइफल्स में नीरज चोपड़ा सूबेदार हैं। गणतंत्र दिवस के मौके पर बुधवार को नीरज चोपड़ा को परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जाएगा। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर कुल 384 लोगों के लिए पुरस्कारों का ऐलान किया गया है।



प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा सभी 384 लोगों के लिए वीरता पुरस्कार के नामों को मंजूरी दे दी गई है। इसमें 12 शौर्य चक्र, 29 परम विशिष्ट सेवा मेडल, 4 उत्तम युद्ध सेवा मेडल, 53 अति विशिष्ट सेवा मेडल और 13 युद्ध सेवा मेडल शामिल हैं। इसके अलावा, 122 विशिष्ट सेवा मेडल की घोषणा भी की गई है। वहीं, इस दौरान 81 सेना मेडल (गैलैंट्री), 2 वायु सेना मेडल, 40 सेना मेडल, 8 नौसेना मेडल, 14 वायु सेना मेडल का भी ऐलान किया गया है।



बता दें परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM) ,भारत का एक सैन्य पुरस्कार है। इस पुरस्कार का गठन 1960 में किया गया था। ये पुरस्कार शांति के लिए और सेवा क्षेत्र में सबसे असाधारण कार्य करने के लिए दिया जाता है। नीरज चोपड़ा ट्रैक एंड फील्ड इवेंट में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले खिलाड़ी हैं।



(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Isha