स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही, दर्द से कराह रही महिला की घर में हुई डिलीवरी (Pics)

1/17/2017 4:01:11 PM

पलवल (दिनेश कुमार):जिला नागरिक अस्पताल के एंबुलेंस सेवा विभाग की बड़ी लापरवाही उस समय सामने आई जब कंडम एंबुलेंस को डिलीवरी के लिए लेने भेज दिया गया। गांव पहुंचते ही एंबुलेंस का बैरिंग टूट गया और लगभग 6 घंटे तक एंबुलेंस वहीं खराब अवस्था में खड़ी रही। वहीं दर्द से कराह रही महिला के परिजनों को आस पास के गांवों के धक्के खाने पड़े। महिला की डिलीवरी घर पर ही करानी पड़ी। हालांकि अस्पताल से दूसरी एंबुलेंस को डिलीवरी लेने के लिए भेज दिया गया लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही महिला की घर पर ही डिलीवरी हो गई। चाहे केंद्र व प्रदेश सरकार गर्भवती महिलाओं को सेवाएं उपलब्ध कराने के तमाम वायदे करें। लेकिन जिला नागरिक अस्पताल की कंडम एंबुलेंस को देखकर सभी वायदे धराशाही होते नजर आते हैं। 

 

मिली जानकारी के अनुसार गांव नंदावाला निवासी भोले ने बताया कि रविवार की सुबह उनके पुत्र अशोक की पत्नी पिंकी को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। जिसके बाद उन्होंने जिला नागरिक अस्पताल के कंट्रोल रूम को फोन कर एंबुलेंस सेवा मांगी। जिसके करीब एक घंटे बाद एंबुलेंस गांव में पहुंची और वह भी कंडम हालात में एंबुलेंस के गांव में पहुंचते ही उसका बैरिंग टूट गया और खराब अवस्था में लगभग 6 घंटे तक गांव में खड़ी रही। 
उन्होंने बताया कि उनकी पुत्रवधू दर्द से कराह रही थी। जिसके बाद वह दाई के लिए आसपास के गांवों के चक्कर काटते रहे। काफी देर बाद पास के किसी गांव से एक दाई को बुलाकर उनकी पुत्रवधू की डिलीवरी कराई गई। पिंकी ने बेटे को जन्म दिया हालांकि जच्चा-बच्चा दोनों ही सुरक्षित बताए गए है। 

 

एंबुलेंस के चालक जयवीर ने बताया कि यह एंबुलेंस कंडम अवस्था में है, अधिकारियों को इस बारे में सूचित भी किया हुआ है। दूसरी एंबुलेंस मौके पहुंच गई थी लेकिन एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही महिला की डिलीवरी हो चुकी थी।