16 की उम्र में नेहा ने जीता भारत कुमारी का दंगल, द्रोणाचार्य अवार्डी महाबीर पहलवान से सीखे थे कुश्ती के गुर(VIDEO)

punjabkesari.in Thursday, Nov 02, 2023 - 05:36 PM (IST)

चरखी दादरी (पुनीत श्योराण) : दंगल गर्ल के नाम से विख्यात गांव बलाली की गीता, बबीता, विनेश के बाद पूर्व सरपंच अमित सांगवान की बेटी नेहा सांगवान ने 16 वर्ष की उम्र में ही भारत कुमारी का दंगल जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वाराणसी मंडल के मिर्जापुर में 28 अक्टूबर को संपन्न हुई राष्ट्रस्तरीय कुश्ती स्पर्धा में नेहा ने यह उपलब्धि हासिल की है। नेहा ने जहां बलाली बहनों से प्रेरणा ली, वहीं द्रोणाचार्य अवॉर्डी महाबीर फोगाट से पहलवानी के गुर सीखते हुए इस मुकाम पर पहुंची हैं। इससे पहले भी नेहा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 10 स्वर्ण सहित 11 पदक अपने नाम कर चुकी हैं।

बता दें कि बलाली निवासी नेहा ने अपने परिवार की पहलवानी की परंपरा को तीसरी पीढ़ी में भी बरकरार रखा है। कुश्ती की शुरुआत नेहा के दादा करतार सिंह ने की थी और वो भी अपने समय के विख्यात पहलवान रहे हैं। नेहा के पिता अमित गांव के सरपंच रह चुके हैं और उनका भी अखाड़े से जुड़ाव रहा है। उनके बाद नेहा ने परिवार से प्रेरणा लेते कुश्ती सात साल की उम्र में वर्ष 2016 में कुश्ती की शुरुआत द्रोणाचार्य अवॉर्डी पहलवान महाबीर फोगाट के अखाड़े से की थी। महाबीर फोगाट के अखाड़े में अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी बलाली बहनों से प्रेरणा ली और महाबीर फोगाट से कुश्ती के गुर सीखते हुए कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। नेहा ने बताया कि खिताबी मुकाबले में फरीदाबाद की पहलवान नैना को 8-1 के बड़े अंतर से हराकर जीत दर्ज की है।

नेहा की उम्र 16, राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियां अनेक

नेहा सांगवा ने 2018 में राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण, 2022 में राष्ट्रीय सब जूनियर कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण, 2022 में एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण, 2022 में राष्ट्रीय फेडरेशन प्रतियोगिता में स्वर्ण, 2022 में राष्ट्रीय स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीते हैं। मार्च 2023 में सब जूनियर कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण इसी वर्ष राष्ट्रीय ओपन चयन स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम कर चुकी हैं। जून 2023 में किर्गिस्तान में आयोजित सब जूनियर एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता।

मेहनत के बूते ओलंपिक जीतना है लक्ष्य

पहलवान नेहा सांगवान ने बताया कि परिवार ने उसे प्रोत्साहित किया और इसी के चलते भारत कुमारी की खिताब जीतने का सपना पूरा हुआ है। दंगल गर्ल बहनों से प्रेरणा ली और उनके कैरियर को देखते हुए संकल्प लिया था और आज उसका संकल्प पूरा हो रहा है। अब ओलंपिक में मेहनत के बूते क्वालीफाई करते हुए देश के नाम मेडल जीतने का ही लक्ष्य है।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mohammad Kumail

Related News

static