झाड़ियों में मिला नवजात, गोद लेने वालों की लगी लाइन(video)

2/6/2018 12:49:21 PM

यमुनानगर(सुमित ओबेरॉय): एकता विहार काॅलोनी की झाडिय़ों से एक नवजात पड़ा मिला, जिसे फर्कपुर पुलिस ने एम्बुलेंस से यमुनानगर सिविल अस्पताल के नवजात कक्ष में उपचार के लिए भिजवाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आस पास के लोगों के बयान लिए। देर शाम तक नवजात के परिवार की शिनाख्त नहीं हो सकी। उधर, अस्पताल में प्री मैच्योर हुए लड़के को गोद लेने के लाइन लग गई। 

जिला बाल सरंक्षण अधिकारी रितू बुद्धिराजा, प्रोटैक्शन ऑफिसर प्रीति, लीगल अधिकारी रंजन शर्मा व गुरप्रीत सिंह मौके पर पहुंचे। फर्कपुर एस.एच.ओ. सुभाष चंद्र बिश्रोई के मुताबिक कांसापुर रोड स्थित प्राइवेट अस्पताल के पीछे एकता विहार कालोनी के खाली प्लाट में पालीथिन में डालकर किसी ने नवजात शिशु को रखा हुआ था। किसी राहगीर ने बच्चे की रोने की आवाज सुनी और इसकी सूचना पुलिस व एंबुलैंस कंट्रोल रूम में दी। नवजात को वहां से उठाया गया और उसके बाद उसे यमुनानगर सिविल अस्पताल के निकू वार्ड में रखा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार नवजात 33 सप्ताह का है और पैदा होते ही उसे वहां फैंक दिया। बच्चे का वजह एक किलो 200 ग्राम है, जो कम है। उधर, डी.सी.पी.ओ. का कहना है कि शहर के सभी अस्पतालों का रिकार्ड भी खंगाला जाएगा।

हालत अभी गंभीर : दहिया 
मुकुंद लाल सिविल अस्पताल यमुनानगर के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डा. विजय दहिया का कहना है कि नवजात को उपचार के लिए निकू वार्ड में भर्ती किया है। नवजात का वजन कम है। बच्चे की हालत अभी गंभीर बनी हुई है। लगातार बच्चा रोग विशेषज्ञ डाक्टर उस पर निगरानी रख रहे हैं। पुलिस को इसकी सूचना दे दी गई थी। हालत ठीक होने पर ही अगला कदम उठाया जाएगा।

पुलिस खंगाल रही सी.सी.टी.वी. फुटेज : बिश्नोई
फर्कपुर थाना प्रभारी सुभाष चंद्र बिश्नोई का कहना है कि अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस एरिया में सी.सी.टी.वी. फुटेज देख रहे हैं। नवजात खाली प्लाट से मिला था। आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है।