अश्लील वीडियो बनाकर युवती का 3 साल तक किया शोषण, फिर मंगेतर को भेजकर तुड़वाया रिश्ता; पड़ोसी सहित 3 पर FIR

punjabkesari.in Thursday, May 21, 2026 - 06:28 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : लाडवा क्षेत्र में एक युवती के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसी युवक ने नशीला पदार्थ देकर युवती से दुष्कर्म किया और उसके अश्लील वीडियो बना लिए। बाद में इन्हीं वीडियो के जरिए आरोपी करीब तीन वर्ष तक युवती का शारीरिक शोषण करता रहा।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी की पत्नी भी इस पूरे षड्यंत्र में शामिल थी और कई बार वीडियो बनाने में उसका साथ देती थी। इतना ही नहीं, जब युवती की शादी तय हुई तो आरोपी ने अश्लील वीडियो मंगेतर तक पहुंचाकर रिश्ता भी तुड़वा दिया। लाडवा थाना पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपी जैब, उसकी पत्नी राज तथा उनके परिचित पृथ्वी के खिलाफ विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बहला-फुसलाकर घर ले गया

21 वर्षीय युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी जैब उनके पड़ोस में रहता है और उसका परिवार में आना-जाना था। एक दिन वह उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया, जहां कथित तौर पर उसे नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म किया गया। इसी दौरान आरोपी ने उसके अश्लील वीडियो भी बना लिए। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी की पत्नी राज भी इस मामले में शामिल थी। वह कई बार वीडियो रिकॉर्ड करती थी, जिन्हें आरोपी अपने मोबाइल में सुरक्षित रखता था। बाद में इन्हीं वीडियो को दिखाकर आरोपी उसे ब्लैकमेल करता रहा।

वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करता रहा शोषण

युवती के अनुसार, जब भी वह विरोध करती या किसी को घटना बताने की बात कहती, आरोपी उसे जान से मारने और वीडियो वायरल करने की धमकी देता था। डर और बदनामी के कारण वह लंबे समय तक चुप रही। आरोप है कि आरोपी करीब दो से तीन वर्षों तक उसे अपने घर बुलाकर इसी तरह शारीरिक शोषण करता रहा।

शादी तय होने पर आरोपी हुआ बौखलाया

पीड़िता ने बताया कि कुछ समय पहले परिवार ने उसकी शादी तय कर दी। यह बात पता चलने पर आरोपी नाराज हो गया और उसने धमकी दी कि वह उसकी शादी नहीं होने देगा। आरोपी ने कहा कि यदि उसने उससे दूरी बनाई तो वह अश्लील वीडियो उसके ससुराल पक्ष को भेज देगा।

मंगेतर तक पहुंचा वीडियो, टूट गया रिश्ता

शिकायत के अनुसार, आरोपी जैब ने वीडियो अपने परिचित पृथ्वी को भेजा, जहां से यह वीडियो युवती के मंगेतर तक पहुंच गया। वीडियो देखने के बाद मंगेतर पक्ष ने रिश्ता तोड़ दिया। इसके बाद युवती ने पूरा मामला अपने परिवार को बताया। परिजनों ने जब आरोपी से बातचीत की तो उसने उन्हें भी धमकाना शुरू कर दिया। आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि यदि उसके खिलाफ कार्रवाई की गई तो वह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। लाडवा थाना पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपी जैब, उसकी पत्नी राज और पृथ्वी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static