नए साल पर सरकार का जनता को तोहफा, इस रूट पर नई ट्रेन को हरी झंडी

12/31/2017 10:17:43 AM

सोनीपत(ब्यूरो): सोनीपत-गोहाना-जींद रेलमार्ग पर नववर्ष से पहले रेलवे ने यात्रियों को तोहफा दिया है। शनिवार को इस रेलमार्ग पर तीसरी पैसेंजर ट्रेन को झंडी दिखाई गई। इस दौरान ए.डी.आर.एम. नवीन परशुराम (यातायात), सांसद रमेश कौशिक, ए.डी.ई.एन. विपिन शर्मा, एस.डी.ई.एन. एन.एस. बघेल, सीनियर डी.सी.एम. बसंत कुमार, डी.एस.ई. संतोष एन चंद्रन, स्टेशन अधीक्षक विजय कुमार व एस.एस.ई. ओ.पी. नागपाल मौजूद रहे। गौरतलब है कि 89 किलोमीटर सोनीपत-गोहाना-जींद रेलमार्ग का उद्घाटन 26 जून, 2016 को हुआ था।

7 स्टेशनों पर रन थ्रू निकलेगी ट्रेन
सोनीपत से जींद जाने के लिए रेलवे ने भले ही तीसरी ट्रेन को हरी झंडी दिखा दी हो लेकिन यह 7 स्टेशनों से रन थ्रू होकर जाएगी। 10 कोच वाली 74039 सोनीपत-जींद पैसेंजर ट्रेन एक्सप्रैस ट्रेन की भांति सोनीपत-गोहाना-जींद रेलमार्ग पर दौड़ेगी। यह ट्रेन जींद से 12 बजकर 39 मिनट पर चलेगी। इसके बाद जींद सिटी 12.37, पांडू पिंडारा 12.46, भम्बेवा 13.08, गोहाना 13.27, मोहाना हरियाणा 13.49 व सोनीपत 14.25 पर पहुंचेगी। यह ट्रेन सोनीपत रेलवे स्टेशन से 15 बजकर 30 मिनट से रवाना होगी। इसके बाद मोहाना हरियाणा रेलवे स्टेशन पर 15.48, गोहाना 16.08, भम्बेवा 16.28, पांडू पिंडारा 16-47, जींद सिटी 16.59 व जींद 17 बजकर 20 मिनट पर पहुंचेगी।