नई नवेली दुल्हन ने किया सुसाइड, ससुराल पक्ष पर हत्या का केस दर्ज, कुछ दिन पहले की थी लव मैरिज

1/6/2021 5:10:22 PM

जींद (अनिल कुमार): हरियाणा के जींद मे संदिग्ध परिस्थितियों में एक नई नवेली दुल्हन ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। 25 वर्षीय युवती प्रेरणा ने 23 दिसंबर को हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय सचिन के साथ प्रेम विवाह किया था। दोनों ने पुलिस से प्रोटेक्शन भी मांगी थी। जिसके बाद 31 दिसंबर को दोनों हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहने लगे थे। मृतका के परिजनों ने इसे हत्या बताया है। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी है। जिसके बाद पुलिस ने सचिन, उसके पिता और चाचा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



मृतक नवविवाहिता के पिता सफीदों निवासी सुरेश कुमार ने पुलिस को बताया कि उनके पास दोपहर को लगभग दो बजे फोन आया कि उनकी लड़की ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इसके बाद वह अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ काफी संख्या में लोग भी आए। उन्होंने कहा कि जब वह मकान में पहुंचे तो उनकी बेटी की मौत हो चुकी थी तथा उसके शव को बेड पर लैटाया गया था। 



मृतका के पिता ने कहा कि दोनों ने प्रेम विवाह किया था तथा इस विवाह से लड़के सचिन के परिवार वाले खुश नहीं थी। इसलिए उन्होंने उनकी बेटी की हत्या करके शव को फांसी पर लटकाया है। पुलिस ने सुरेश कुमार की शिकायत पर पति सचिन, उसके पिता बजरंग बंसल तथा चाचा जयभगवान के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। सिविल लाइन थाना प्रभारी हरिओम ने बताया कि मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत से संबंधित तथ्यों से पर्दा उठ सकेगा।

vinod kumar