विवाहिता की जहर खाने से मौत, सैनिक पति सहित पांच पर केस दर्ज

5/19/2019 9:45:09 PM

रेवाड़ी (महेंद्र भारती): धारूहेड़ा क्षेत्र के गांव महेश्वरी की एक विवाहित बेटी ने बीती रात को जहरीला पदार्थ खा लिया। रविवार की सुबह उसकी मौत का पता चला तो धारूहेड़ा थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई। उसका विवाह तीन माह पूर्व ही हुआ था और वह दो दिन पूर्व ही मायके में आई थी। परिजनों का आरोप है कि दहेज की खातिर ससुराली उसे मानसिक रूप से प्रताडि़त कर रहे थे।

गांव महेश्वरी की गोयल कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय रेणू यादव का विवाह अचीना ताल दादरी निवासी रिंकू यादव के साथ इसी साल फरवरी माह में हुआ था। पति रिंकू सेना में कार्यरत है। रेणू दो दिन पूर्व अपने ससुराल से मायके आई थी। आज सुबह उसका शव एक कमरे में पड़ा हुआ मिला। उसने जहरीला पदार्थ खा लिया था।

मृतका के भाई सुमित का कहना है कि शनिवार की शाम को पति रिंकू का फोन रेणू के पास आया था। जिसमें उन्होंने उसे अपने साथ नहीं रखने की धमकी दी थी। जिससे रेणू मानसिक तनाव में आ गई थी। इसके कारण उसने बीती रात को जहरीना पदार्थ खाकर जान दे दी।

उसने आरोप लगाया कि ससुराली दहेज की मांग कर रहे थे। सूचना पाकर धारूहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसका अंतिम संस्कार भी रविवार को मायके में ही किया गया।

जांचकर्ता पुलिस अधिकारी बीरेंद्र सिंह ने बताया कि पिता धर्म सिंह की शिकायत पर पति रिंकू, सास-ससुर, ननद, ननदेऊ के खिलाफ दहेज उत्पीडऩ का केस दर्ज किया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

Shivam