दहेज की बलि चढ़ी नवविवाहिता, 6 महीने की गर्भवती थी मृतका

5/16/2022 5:59:43 PM

सोनीपत (सन्नी) : सोनीपत की ब्रह्म कॉलोनी में उस समय सनसनी फैल गई। जब नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटकता हुआ मिला। वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया।

जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के कन्नौज की रहने वाली अंशिका नाम की एक महिला की शादी सोनीपत के ब्रह्म कॉलोनी निवासी अभिषेक के साथ हुई थी और वह छह महीने की गर्भवती भी थी, लेकिन बीती देर रात अंशिका का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। पुलिस मृतका के परिजनों की शिकायत पर उसके पति व ससुरालजनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने बताया कि अंशिका की शादी को 1 साल हो गया था और वह 6 महीने की गर्भवती थी। उसके ससुराल वाले उस पर दहेज लाने का दबाव बनाते थे। हमें आशंका है कि अंशिका की हत्या कर उसके शव को फांसी पर लटकाया गया है हमारी पुलिस से गुहार है कि इस पूरे मामले की जांच की जाए।

थाना प्रभारी सवित कुमार ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि ब्रह्म कॉलोनी में अंशिका नाम की महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ है। परिजनों की शिकायत पर हमने विभिन्न धाराओं के तहत उसके पति उसके सास-ससुर व पति के चाचा पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

Manisha rana