हरियाणा: लोकसभा उम्मीदवारों के नाम घोषित करके भाजपा ने की 2 नेताओं की छुट्टी

4/6/2019 5:42:37 PM

डेस्क: लोकसभा चुनाव के बिगुल बजने के बाद से ही हरियाणा की सीटों पर भाजपा के उम्मीदवारों के नामों का इंतजार सबको बड़ी बेसब्री से था। ये इंतजार खत्म करते हुए भाजपा ने आज नवरात्रि के पहले ही दिन शुभ मुहूर्त मानते हुए हरियाणा की आठ सीटों के उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है, हालांकि हरियाणा की राजनीति में सबसे ज्यादा मायने रखने वाली उन दो सीटों के उम्मीदवारों के नाम भाजपा ने अब भी गुप्त ही रखे हैं। ये दो सीट रोहतक व हिसार की हैं, जहां रोहतक में कांग्रेस का दबदबा है, वहीं हिसार में दुष्यंत चौटाला का पूरा प्रभाव है। इसलिए भाजपा ने अभी दो बड़े उम्मीदवारों की खोज में इन दो सीटों पर उम्मीदवार का नाम गुप्त रखना ही उचित समझा है।

पिछले लोकसभा चुनावों में भाजपा ने तीन सीटों पर मात खाई थी, जिस कारण इस बार इन तीन सीटों पर भाजपा का फोकस ज्यादा है। वहीं भाजपा ने दो सांसदों की इस बार छुट्टी भी कर दी है, जिनमें एक पार्टी से बगावत करने वाले कुरूक्षेत्र से सांसद राजकुमार सैनी व दूसरे करनाल से सांसद अश्विनी चोपड़ा हैं। पिछली बार जहां भाजपा ने सिरसा सीट पर हजकां के साथ चुनाव लड़ा था, वहीं इस बार अपना उम्मीदवार मैदान में उतारा है। इस बार सिरसा से भाजपा की उम्मीदवार सुनीता दुग्गल हैं, जो मौजूदा हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन हैं।

वहीं करनाल सीट पर भाजपा की ओर से टिकट पाने की फिराक में कांग्रेस छोड़कर भाजपा ज्वाईन करने वाले अरविंद शर्मा को भी भाजपा ने खाली हाथ दिखा दिया है। भाजपा ने इस बार करनाल सीट पर न तो अश्विनी चोपड़ा को उम्मीदवार बनाया और न ही अरविंद शर्मा को, बल्कि इस बार करनाल से भाजपा के उम्मीदवार संजय भाटिया होंगे। हालांकि  भाजपा के इस फैसले से अरविंद शर्मा ने भारी नाराजगी जाहिर की है, कयास लगाए जा रहे हैं कि अरविदं शर्मा दोबारा कांग्रेस में वापसी कर सकते हैं।

वहीं कुरूक्षेत्र सीट पर भाजपा ने बगावत करने वाले सांसद राजकुमार सैनी को बाहर का रास्ता दिया है। हालांकि राजकुमार सैनी खुद यह कहते आए हैं कि उन्हें पार्टी से निकाला नहीं गया, बल्कि उन्होंने खुद भाजपा को छोड़ दिया है। हालांकि इस बार भाजपा कोई रिस्क न लेते हुए कुरूक्षेत्र सीट से राजकुमार सैनी की जगह मंत्री नायब सिंह सैनी को उम्मीदवार बनाया है।

Shivam