दिल्ली रूट पर जाने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर, आज से शुरू होगी बस सेवा

1/6/2021 9:41:41 AM

सोनीपत : दिल्ली रूट पर जाने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है कि रोडवेज विभाग बुधवार से दिल्ली रूट की बस सेवा को बहाल कर रहा है, जिसके लिए जी.एम. ने मंगलवार को जी.टी. रोड के अलावा दिल्ली जाने वाले कई रूटों का सर्वे किया और उसके बाद दिल्ली के लिए बस सेवा शुरू करने की मंजूरी दी। वहीं रोडवेज विभाग द्वारा बुधवार को 2 बसें ट्रायल के रूप में चलाई जाएंगी। उसके बाद परिस्थितियों को देखते हुए इन बसों को नियमित कर दिया जाएगा।  दरअसल, कृषि कानून के विरोध में किसान 26 अक्तूबर से कुंडली बॉर्डर पर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसकी वजह से प्रशासन द्वारा सिंघू बॉर्डर को सील कर दिया गया है।

परिस्थितियों को देखते हुए रोडवेज विभाग ने भी दिल्ली रूट की बस सेवाओं को बंद कर दिया था। उसके बाद रोडवेज विभाग ने धीरे-धीरे लोकल रूटों के बाद लंबे रूटों पर बस सेवा बहाल कर दी है। किंतु कुंडली बॉर्डर सील होने दिल्ली रूट पर बस सेवा चालू नहीं की गई थी और दिल्ली जाने वाले यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी। परेशान यात्री बार-बार दिल्ली रूट पर बस सेवा चालू करने की मांग कर रहे थे। यात्रियों की मांग पर रोडवेज विभाग द्वारा ट्रायल के लिए बुधवार से दिल्ली रूट पर दो बसें चलाई जाएंगी। 

सुबह 7 बजे व 9 बजे चलाई जाएंगी बसें
रोडवेज विभाग द्वारा दिल्ली रूट के लिए सुबह 7 बजे तथा 9 बजे दो बसें चलाई जाएंगी। इन बसों को जी.टी. रोड की बजाय अन्य रूट से दिल्ली भेजा जाएगा, जिसके लिए मंगलवार को रोडवेज विभाग के जी.एम. ने रूटों को सर्वे किया और रूट निर्धारित किए। हालांकि रूट डायवर्ट होने की वजह से बसों को पहले की अपेक्षा अधिक किलोमीटर का चक्कर लगाना होना। किंतु रोडवेज विभाग द्वारा यात्रियों से अतिरिक्त किराया नहीं वसूला जाएगा। 
 
बुधवार को ट्रायल के लिए दो बसें दिल्ली रूट पर चलाई जाएंगी। इन बसों को जी.टी. रोड की बजाय लोकल रूटों से भेजा जाएगा। यदि बसों के आवागमन में कोई दिक्कत नहीं आती है तो बसों को नियमित कर दिया जाएगा और आवश्यकता के अनुसार बसों की संख्या भी बढ़ा दी जाएगी।
राहुल जैन, जी.एम., रोडवेज विभाग, सोनीपत।  

Isha