दो साल ही बीते कि टूटकर गिरने लगा गुरूग्राम का ये फ्लाईओवर! (VIDEO)

12/17/2018 7:19:17 PM

गुरूग्राम(सतीश): दिल्ली से जयपुर के लिए रफ्तार भरने वाला नेशनल हाईवे-8 जो जाम की समस्याओं को खत्म करने के लिए बनाया गया था। लेकिन अब ये लोगों के लिए एक बड़ी समस्या बनने लगा है, क्योंकि सोमवार को हाईवे पर बने फ्लाइऑवर का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। हालांकि फ्लाईओवर के टूटने से कोई नुकसान तो नहीं हुआ लेकिन फ्लाईओवर की नीचे वाली सड़क पर फर्राटा भरती गाडिय़ों या सवारियों पर इसके गिरने से बड़ा हादसा हो सकता था।



गुरूग्राम में नेशनल हाईवे आठ पर बने फ्लाईओवर पर सैकड़ों वाहन रोजाना आते जाते हैं, लेकिन ये फ्लाईओवर चलती गाड़ी को कब बिना लिफ्ट के नीचे उतार दे कोई पता नहीं है। क्योंकि ये फ्लाईओवर गुरुग्राम के उन अधिकारियों की देखरेख में बना है जो समय से पहले हाईवे का निर्माण करा देते हैं। जो इस तरह से फ्लाइऑवर बनने के बाद लोगों में ऐसा विश्वास पैदा कर देते है कि सरकार भी उनकी वाह वाह ही करती है तो लोग उन्हें विकास पुरुष समझते हैं।



दरअसल, मानेसर के करीब रामपूरा में तत्कालीन कांग्रेस सरकार में इस फ्लाईओवर का निर्माण शुरू किया गया, लेकिन कार्य पूरा नहीं हुआ और सरकार चली गई। उसके बाद बीजेपी सरकार आई और लोगों को विश्वास दिलाया की निर्माण कार्य तेज होगा। हुआ भी लेकिन ऐसा हुआ की ये विकास कार्य ही आज रोजाना सरकार की  किरकिरी करा रहा है। जाम की समस्या कम करने के लिए फ्लाईऑवर दो साल पहले ही लोगों के लिए खोला गया था। लेकिन आज ये फ्लाईओवर ही समस्या बन गया है। 



उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी हीरो होंडा चौक पर भी दो बार फ्लाईऑवर में बड़ी दरारें आ गई थी और बड़ा हिस्सा टूट भी गया था। फिलहाल फ्लाईओवर के टूटने की सूचना मिलने पर नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर फ्लाईओवर से गुजरने वाली बड़ी गाडिय़ों को रोक दिया है। छोटे वाहनों को डाइवर्ट करके यहां से निकाला जा रहा है। वहीं टूटे हिस्से के चारों तरफ बैरियर लगाकर इसके रिपेयर का भी काम शुरु हो गया है।

Shivam