प्रदेश में फिर गरज उठे एनएचएम कर्मचारी, बढ़ी मरीजों की मुश्किलें(VIDEO)

2/5/2019 6:01:23 PM

गुरूग्राम(मोहित): कर्मचारी महासंघ हरियाणा के आह्वान पर एनएचएम कर्मचारियों ने दो दिवसीय हड़ताल मंगलवार को शुरू कर दी। प्रदेश भर में गुरूग्राम, पलवल, रेवाड़ी, सिरसा, भिवानी, करनाल, मेवात सहित कई अन्य जिलों में हड़ताल देखने को मिली। इस दौरान कर्मचारियों ने कहा कि यदि सरकार ने कच्चे कर्मचारियों को पक्का नहीं किया तो कर्मचारियों की हड़ताल अनिश्चितकालीन कर दी जाएगी। वहीं हड़ताल में एंबुलेंस चालकों के शामिल होने से प्रदेश में एंबुलेंस के पहिए थम गए। कर्मचारियों में क्लास-1 से लेकर क्लास-4 तक के कर्मचारी शामिल हैं जिनमे डॉक्टर, स्टाफ नर्स, कम्प्यूटर ऑपरेटर, लैब टेक्नीशियन, लैब एसिस्टेंट से लेकर एम्बुलेंस चालक भी शामिल हैं, जिसकी वजह से अस्पतालों की पूरी व्यवस्था चरमरा गई है।



इस दौरान एनएचएम कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन किया और मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की। पलवल जिला प्रधान नरबीर डागर ने कहा कि एनएचएम कर्मचारियों ने कच्चे कर्मचारियों के नियमितिकरण, स्थाई सेवा सुरक्षा, ठेकेदारी सेवा नियम संशोधन व सांतवें वेतन आयोग की मांग को लेकर हड़ताल शुरू की गई है।  यदि सरकार ने कर्मचारियों की मांगों को पूरा नहीं किया तो एनएचएम कर्मचारी अनिश्चितकालीन धरने पर चले जाएंगे।



वहीं गुरुग्राम के नागरिक अस्पताल में इलाज की आस लेकर आने वाले मरीजों के लिए अब मुश्किलें बढ़ गई। यहां हड़ताल पर 650 कर्मचारी हड़ताल पर बैठे। गंभीर हालात वाले मरीजों को एमरजेंसी दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल या रोहतक के पीजीआई में रैफर किया जाता है, लेकिन आज एम्बुलेंस चालकों के हड़ताल पर होने के कारण उन मरीजो की भी मुश्किलें बढ़ गई है। यही आलम रेवाड़ी, भिवानी व सिरसा, मेवात में भी रहा।



वहीं सिरसा में हड़ताल पर जाने वाले कर्मचारियों के बारे में नागरिक अस्पताल के सीएमओ डॉ गोविन्द गुप्ता ने कहा कि कर्मचारियों की हड़ताल के चलते स्वास्थ्य विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था की हुई है, किसी भी मरीज को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। जो कर्मचारी हड़ताल पर बैठे हैं, उनके खिलाफ सरकार से हिदायतें मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

Shivam