हड़ताल पर NHM के कर्मचारी, विज बोले- हर मांग को नहीं माना जाएगा

12/5/2017 5:34:52 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी):अपनी लंबित मांगो को लेकर आज प्रदेश भर के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। इस हड़ताल से जहां स्वास्थ्य सेवाएं बाधित हुई हैं वहीं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने अपना मत जाहिर किया है। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि उनकी सभी मांगे नहीं मानी जा सकती, जो मांगे जायज हैं उन्हें ही पूरा किया जाएगा। विज ने यह भी कहा कि कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता, बाकि हड़ताली कर्मचारियों के साथ स्वास्थ्य विभाग के अफसर बात करेंगे और वार्ता के लिए हमेशा सरकार के दरवाजे खुले हैं। वेतन संबंधी विसंगतियों को दूर करने की मांग को लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारियों की हड़ताल से सरकारी अस्पतालों के  मरीज भी खासे परेशान हुए। एनएचएम कर्मचारी दो दिन की हड़ताल पर है। हड़ताल का सबसे अधिक असर डिस्पेंसरी व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर देखने को मिल रहा है।