NHM कर्मचारियों व सरकार में समझौते के बाद हड़ताल स्थगित, बहाल होंगे बर्खास्त कर्मी

12/15/2017 10:27:25 AM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): पिछले 9 दिन से एन.एच.एम. कर्मियों की हड़ताल पर आखिरकार सरकार ने यू-टर्न लेते हुए मांगों को मानने की बात स्वीकार कर ली। इस पूरे प्रकरण में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने फ्रंटफुट पर आकर मोर्चा संभालते हुए एन.एच.एम. यूनियन से बातचीत की। वीरवार देर शाम विज और मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर के साथ एन.एच.एम. यूनियन की लंबी वार्ता हुई। जिसमें उनकी सर्विस रूल बनाने और उन्हें पक्का करने के लिए केंद्र सरकार में मजबूत पैरवी करने की बात पर सहमति बनी। 

स्वास्थ्य मंत्री के इस आश्वासन पर यूनियन ने शुक्रवार से हड़ताल स्थगित करने का ऐलान किया। विज ने कर्मियों को भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार के समक्ष उन्हें पक्का करने का मामला मजबूती से उठाएंगे और सर्व शिक्षा अभियान की तरह से एन.एच.एम. में कार्यरत कर्मियों के सर्विस नियम भी जल्द बनाए जाएंगे। इसे जनवरी 2018 से तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया जाएगा।

एन.एच.एम. के बर्खास्त कर्मियों को किया बहाल 
अनिल विज और एन.एच.एम. कर्मचारी यूनियन की बैठक में हड़ताल के दौरान बर्खास्त किए गए करीब 3700 कर्मचारियों को बहाल करने का निर्णय भी लिया गया। विज ने कहा कि किसी भी कर्मचारी को हटाया नहीं जाएगा और कर्मचारियों की सभी जायज मांगों को सरकार जल्द से जल्द पूरा करेगी। विज के इस आश्वासन के बाद उम्मीद है कि शुक्रवार से प्रदेश में बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था पटरी पर लौट आएगी।