विज की चेतावनी, कल काम पर लौटे NHM कर्मी नहीं तो बंद कर देंगे सेवाएं(Video)

12/8/2017 5:29:03 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): हरियाणा एनएचएम कर्मचारी संघ की हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही है। लोगों को इलाज के लिए भटकना पड़ रहा है। वहीं NHM कर्मचारियों की हड़ताल पर विभाग ने भी सख्ती दिखाते हुए सभी कर्मियों को काम पर लौटने का नोटिस दिया। हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत सभी कर्मचारियों को 9 दिसंबर सुबह 8 बजे तक ड्यूटी ज्वाईन करने के निर्देश दिए हैं। 

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इस संबंध में राज्य के सभी सिविल सर्जन को हिदायत जारी की गई हैं कि वे अपने जिलों में कार्यरत सभी एनएचएच अनुबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी करे ताकि वे निर्धारित समय तक काम पर लोट सके। इसके पश्चात भी जो कर्मचारी ड्यूटी ज्वाईन नही करेंगे, उनका अनुबंध समाप्त कर दिया जाएगा। प्रदेश में रेफरल ट्रांस्पोर्ट तथा आपतकालीन चिकित्सा सेवाओं को बाधित नहीं होने दिया जाएगा।

विज ने कहा कि एनएचएम कर्मचारियों की सभी जायज मांगों को सरकार ने पहले ही स्वीकार कर लिया है। इसके पश्चात भी यदि ये कर्मचारी हड़ताल जारी रखते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इनकी तीन प्रमुख मांगों में से दो मांगों को पहले ही पूरा कर दिया गया है। इनमें पहली मांग में वेतन में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी तथा दूसरी सेवा नियमों का सृजन करना था। इन कर्मचारियों की पक्का करने की तीसरी मांग केन्द्र सरकार से संबंधित है क्योंकि ये सभी कर्मचारी किसी परियोजना के तहत काम कर रहे हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता को स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए जहां हमारे नियमित कर्मचारी कार्यरत हैं वहीं यदि एनएचएम कर्मचारी समय पर काम पर नहीं लौटते हैं तो वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया जाएगा।