पूर्वमंत्री निर्मल सिंह ने सरकार पर लगाया नौकरियों में युवाओं की अनदेखी का आरोप

2/20/2019 8:56:00 PM

अंबाला(अमन कपूर): लोकसभा चुनाव के चलते नेतागण भी अब सुर्खियों में आने लगे हैं, इसी कड़ी में कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व मंत्री चौधरी निर्मल सिंह ने राज्य सरकार पर अंबाला के युवाओं की नौकरियों में अनदेखी का आरोप लगाया है। उनका सरकार पर आरोप है कि नौकरियों में पारदर्शिता की बात करने वाली भाजपा सरकार ने ग्रुप- डी की 18 हजार नौकरियों में उत्तरी हरियाणा के युवाओं की जगह दक्षिणी हरियाणा के युवाओं को ज्यादा नौकरियां दी हैं।

उन्होंने कहा ऐसा नहीं है कि अम्बाला सहित उत्तरी हरियाणा के युवा पढ़े लिखे नहीं हैं। मगर नौकरियों में बंदरबांट करके सरकार ने जींद में हुए चुनाव में जीत के बाद वहां के स्नातक, इंजीनियर ओर वाणिज्य स्नातकों को ग्रुप- डी में सेलेक्ट कर लिया, जिनमें से कई युवा छोड़ कर चले गए। निर्मल का आरोप है कि इसकी जगह दसवीं, बारवीं उत्तीर्ण बच्चों को नौकरियां देनी चाहिए थी। जबकि सरकार ने जींद, रोहतक, महेंद्रगढ़, भिवानी, हिसार के लोगों को ज्यादा नौकरियां देकर उत्तर हरियाणा के युवाओं की अवहेलना की है।

उनका कहना है कांग्रेस राज में उन्होंने अम्बाला के कई युवाओं को विभिन्न नौकरियों पर लगवाया था। उन्होंने ने कहा आरटीआई से मिली जानकारी में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं और सरकार की नौकरियों में पारदर्शिता बरतने की पोल भी खुली है।

वहीं कांग्रेस द्वारा हरियाणा में चुनाव तक प्रदेश अध्यक्ष न बदलने के ब्यान पर निर्मल सिंह ने कहा कि कोई भी अध्यक्ष हो, कैसा भी हो वे सब मिलजुल के चुनाव लड़ेंगे और कांग्रेस के उम्मीदवारों को जितवाएंगे। बता दें कि निर्मल सिंह पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ग्रुप के माने जाते हैं, हुड्डा ने भी एक ब्यान में कहा है कि चुनाव तक प्रदेश अध्यक्ष नहीं बदला जाएगा।

Shivam