इनेलो को नहीं श्रेय लेने का हक, भाजपा ने करवाया है ट्रैक्टर को नॉन-कॉमर्शियल: होशियार सिंह

12/25/2017 7:13:40 PM

टोहाना(सुशील सिंगला): भाजपा के किसान मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष होशियार सिंह कन्हड़ी ने एक प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा को किसान हितैषी बताया। उन्होंने कहा कि, ट्रैक्टर को कॉमर्शियल वाहनों की श्रेणी से बाहर भाजपा ने करवाया है। इस मामले में इनेलो को श्रेय लेने का हक नहीं है। भाजपा किसान मोर्चा की बैठक में आज ही होशियार सिंह कन्हड़ी को किसान मोर्चा का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

होशियार सिंह ने इनेलो पर हमला बोलते हुए कहा कि इनेलो महज इस कार्य का श्रेय लेना चाहती है जबकि केंद्र व प्रदेश सरकार के किसानों के हित में कार्य कर रही है। इन्हीं विकास कार्यों के चलते दोबारा से भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। होशियार सिंह ने कहा कि, सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ किसानों को दिलाया जाएगा।

इस मांग को प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला के माध्यम से सीएम के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि, टोहाना क्षेत्र को डार्क जोन में डालने पर भी सरकार द्वारा सर्वे करवाया जाएगा तथा किसानों को उचित समय पर बिजली व पानी मिल सके।

भाजपा किसान मोर्चा का जिलाध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद होशियार सिंह किसान विश्रामग्रह में पहुंचे। यहां प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुरेंद्र नैन, निगरानी कमेटी अध्यक्ष नरेंद्र गर्ग, सरपंच कमालवाला ईशवर सिंह, शिक्षा प्रकोष्ठ से सुरेश आर्य, जीता कन्हड़ी सहित अनेक लोगों ने फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया।