मेरा एक डीएसपी शहीद हुआ है, किसी भी अपराधी को  बख्शा नहीं जाएगा: गृह मंत्री विज

8/11/2022 9:10:10 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): हरियाणा के गृह व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने बताया कि डीएसपी की हत्या मामले में जल्द ही जुडिशल इंक्वायरी होगी। उन्होंने कहा कि मेरे पुलिस बल का एक डीएसपी शहीद हुआ है। इस मामले में किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

 

रिपोर्ट के आधार पर 20 से 25 जुलाई तक 5 दिनों के लिए जिला नूंह के 33 गांवों, जो खुफिया इनपुट के अनुसार अवैध खनन गतिविधियों में शामिल थे, में पुलिस एवं खनन विभाग के अधिकारियों द्वारा एक सामूहिक कॉर्डन और तलाशी अभियान चलाया गया। इस कार्यवाही के दौरान, 51 वाहन 16 डंपर/हाइवा, 02 जेसीबी, 01 जेसीबी (कंप्रेसर के साथ), 02 ट्रैक्टर (कंप्रेसर के साथ), 01 कंप्रेसर मशीन, 29 ट्रैक्टर (ट्रॉली सहित), जो एन.जी.टी. के आदेशों के अनुसार अवैध खनन गतिविधियों में शामिल थे, को खनन विभाग द्वारा पुलिस की मदद से जब्त किया गया। पुलिस विभाग द्वारा कुल 297 वाहन ( मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 268 वाहन और 102 सीआरपीसी के तहत 29 वाहन ) जो बिना दस्तावेज या बिना नंबर प्लेट के पाए गए, को जब्त किया गया। 

 

विज ने बताया कि डीएसपी सुरेन्द्र सिहं का अंतिम संस्कार हिसार में उनके पैतृक गांव में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने के साथ-साथ परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की घोषणा भी की गई है।इसके अलावा, अवैध खनन के खिलाफ हरियाणा पुलिस लगातार कड़ी कार्यवाही कर रही है। हरियाणा में 01 जनवरी, 2020 से 31 जुलाई, 2022 तक की अवधि के दौरान अवैध खनन के कुल 1835 मामले दर्ज किए गए, जिसमें 1977 आरोपी व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया और 4065 वाहन जब्त किए गए। इसी अवधि के दौरान, कार्यवाही करने वाले अधिकारियों पर हमलों से सम्बन्धित 69 प्राथमिकी दर्ज की गई और इन मामलों में 194 आरोपी व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया और सलाखों के पीछे डाल दिया गया।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

     

 

Content Writer

Gourav Chouhan