दक्षिण हरियाणा के विकास में नहीं आने दी जाएगी कोई कमी : राव इंद्रजीत सिंह

punjabkesari.in Monday, Sep 21, 2026 - 08:44 PM (IST)

गुड़गांव,(ब्यूरो): केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि हरियाणा में लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार के गठन में दक्षिण हरियाणा के लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। क्षेत्र की 36 बिरादरी ने जिस आशा और अपेक्षा के साथ भाजपा सरकार को सेवा का अवसर दिया है, सरकार उस विश्वास पर खरा उतरते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के माध्यम से निरंतर जनहित के कार्यों को धरातल पर उतार रही है। उन्होंने कहा कि दक्षिण हरियाणा के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

केंद्रीय मंत्री सोमवार को ग्राम पंचायत ताजनगर में 11 एकड़ क्षेत्र में सीआईआई तथा पीएफएस संस्थानों द्वारा संयुक्त रूप से विकसित किए गए अमर शहीद राव तुलाराम पार्क का उद्घाटन करने सहित विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन करने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। दोनों संस्थानों द्वारा 11 एकड़ क्षेत्र में 13 हजार से अधिक पौधे लगाए गए हैं। इस दौरान उन्होंने भगता की ढाणी से श्री कृष्ण के घर तक सड़क निर्माण तथा लाल सिंह से कंवर सिंह की ढाणी तक सड़क निर्माण कार्यों का भी उद्घाटन किया। इन विकास कार्यों से ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने के साथ-साथ क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी। केंद्रीय मंत्री ने इस अवसर पर ग्राम पंचायत ताजनगर और डाबोदा को अपने सांसद कोष से 15-15 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में पटौदी विधायक बिमला चौधरी तथा बावल विधायक डॉ. कृष्ण कुमार भी मौजूद रहे।

 

राव इंद्रजीत सिंह ने आयोजन स्थल पर पौधारोपण करने के बाद अपने संबोधन में कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उसका लाभ गांव और आम नागरिक तक पहुंचे। इसी सोच के साथ दक्षिण हरियाणा में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांवों के विकास में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की भागीदारी महत्वपूर्ण है तथा क्षेत्रवासियों की जायज मांगों और आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से भी आह्वान किया कि वे विकास कार्यों में सहयोग दें और अपने गांवों को स्वच्छ, सुंदर तथा सुविधायुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

 

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई गति प्राप्त की है। प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि अभियान के तहत आयोजित विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लें और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण को प्राथमिकता दी है। उनके नेतृत्व में देश ने विकास के साथ-साथ सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल की हैं।

 

इस अवसर पर जिला परिषद की चेयरपर्सन दीपाली चौधरी, एसडीएम पटौदी दिनेश लुहाच,डीएचबीवीएन से कार्यकारी अभियंता गौरव चौधरी, भाजपा गुरुग्राम महानगर जिला अध्यक्ष अजीत यादव, पूर्व जिला पार्षद वीरेंद्र हब्लू नंबरदार, मार्केट कमेटी पटौदी के अध्यक्ष मनोज मोकलवास तथा सचिव विपिन यादव, बीडीपीओ नरेश कुमार, जिला पार्षद रितु यादव, मंजू अशोक शर्मा, मनोज यादव, मंडल अध्यक्ष मंजीत शर्मा तथा शैलेंद्र चौहान, महिला मोर्चा अध्यक्ष गुरुग्राम महानगर रीना यादव, गांव ताज नगर के सरपंच शिवताज प्रजापति, नरेश शर्मा प्रधान, योगेश यादव, सतबीर यादव, जयभगवान, वीरेन यादव, अजीत यादव, सीआईआई संस्थान से विनोद के बापना, सीईओ शिवानी कुमार, प्रोग्राम लीड चंद्रकांत प्रधान, पीएफएस संस्थान की ओर से सीएसआर हेड आशीष निगम, सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static