राजधानी में अन्नदाता की NO ENTRY, टिकरी बॉर्डर से वापस भेजी जा रही किसानों की गाड़ियां

8/21/2022 6:14:11 PM

बहादुरगढ़(प्रवीण): जंतर-मंतर पर 22 मार्च को होने वाले प्रदर्शन का हिस्सा बनने जा रहे किसान नेता राकेश टिकैत को हिरासत में लेने के बाद, किसानों को दिल्ली पुलिस ने टिकरी बॉर्डर पर ही रोक दिया है किसानों की गाड़ियों को दिल्ली में घुसने रोकने लिए पुलिस ने सुबह से ही बड़े-बड़े बैरिकेड्स लगाकर रास्ते को संकरा कर दिया था। राजधानी में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे किसानों की गाड़ियों को हरियाणा की तरफ वापस मोड़ दिया गया। किसानों का कहना है कि वे एक दिन का शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने के लिए दिल्ली जा रहे थे। लेकिन दिल्ली पुलिस के जवान उन्हें दिल्ली नहीं जाने दे रहे।

 

 

जंतर-मंतर पर बेरोजगारी के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे किसान

 

किसानों का कहना है कि दिल्ली स्थित बंगला साहिब गुरुद्वारे में आज रात रुक कर कल जंतर मंतर पर प्रदर्शन करने की योजना थी। लेकिन दिल्ली पुलिस द्वारा उन्हें रास्ते में ही रोक दिया गया है। पंजाब के संगरूर से दो गाड़ियों में सवार होकर दो दर्जन से ज्यादा किसान देश की राजधानी दिल्ली के टिकरी बॉर्डर पर पहुंचे। यहां पुलिस ने किसानों के नाम और मोबाइल नंबर नोट कर गाड़ी को यू-टर्न करने को बोल दिया। दिल्ली पुलिस की ओर  किसानों को बताया गया कि उच्च अधिकारियों के आदेश के अनुसार किसानों को दिल्ली में प्रवेश करने की इजाजत नहीं दी जा सकती। लेकिन किसान घर जाने की बजाय टिकरी बॉर्डर पर ही पंजाब से आने वाले अपने अन्य साथी किसानों का इंतजार कर रहे हैं।

 

 

किसानों की संख्या बढ़ने से टिकरी बॉर्डर पर बढ़ सकता है तनाव

 

टिकरी बॉर्डर पर इकट्ठा हुए किसानों का कहना है कि वे दिल्ली जाकर ही रहेंगे। ऐसे में किसानों की संख्या अगर टिकरी बॉर्डर पर बढ़ती है तो स्थिति तनावपूर्ण हो सकती है। किसानों के जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने किसान आंदोलन के दौरान लगाए गए लोहे और कंक्रीट के बेरिकेड्स दोबारा से सड़क पर लाकर रख दिए हैं। दिल्ली रोहतक नेशनल हाईवे नंबर 9 को टिकरी बॉर्डर पर संकरा भी कर दिया गया है। अगर किसानों की संख्या बढ़ती है तो इस रास्ते को पूरी तरह से ब्लॉक भी किया जा सकता है। दिल्ली पुलिस और किसानों के बीच टकराव की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Gourav Chouhan