हरियाणा में कांग्रेस नहीं बल्कि नेताओं का गुट है : राजीव जैन
4/8/2022 6:28:41 PM
चंडीगढ़(धरणी): हरियाणा में कांग्रेस कभी कोई पार्टी हुआ करती थी, लेकिन आज यह केवल नेताओं का गुट है। हरियाणा में 22 जिले हैं और 22 ही नेता हैं और सभी 22 नेता मुख्यमंत्री के चेहरे हैं। यह सभी जनता के हितों की नहीं बल्कि वर्चस्व की लड़ाई में लगे रहते हैं। इन्हें जनता की समस्याओं से कोई मतलब नहीं है। इसीलिए वह किसी भी मुद्दे पर एकमत नहीं हैं। यह बात हरियाणा के मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने कही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में सक्रिय होने की कोशिशों में लगी आम आदमी पार्टी के बारे में हरियाणा के लोग बहुत बेहतर तरीके से जानते हैं। जो भी व्यक्ति भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा का है, इसमें राष्ट्रवाद की भावना है, जो देश का सही सिपाही है, वह कभी भाजपा को नहीं छोड़ेगा।
हरियाणा के लोग राजनीतिक रूप से परिपक्व, इसीलिए "आप" से खतरा नहीं : राजीव जैन
जैन ने कहा कि 1952 में जनसंघ बना और 1980 में भाजपा का गठन हुआ। आज तक भी बहुत से कार्यकर्ताओं ने यह नहीं सोचा था कि कभी भाजपा की भी सरकार बनेगी। वह निस्वार्थ सेवा में लगे रहे। आज भाजपा सत्ता में है, लेकिन बहुत से सत्ता लोभी लोग दल को बदल रहे हैं। यह वह लोग हैं जिन्हें संगठन और जनता तवज्जो नहीं देती। इसलिए वह सत्ता के लालच में इधर-उधर भटक रहे हैं। जैन ने कहा कि भाजपा प्रदेश में दूसरी बार सत्ता में मौजूद है और तीसरी बार भी बहुत बड़े बहुमत के साथ भाजपा सत्ता में लौटेगी। आम आदमी पार्टी का हरियाणा में खतरा इसलिए नहीं है क्योंकि हरियाणा की जनता राजनीतिक रूप से पूरी तरह से परिपक्व है।
6 महीने में पंजाब सरकार की सच्चाई होगी देश के सामने :राजीव जैन
राजीव जैन ने कहा कि आम आदमी पार्टी दिल्ली पंजाब में लोगों को झूठे वायदे करके सत्ता में आई है। हरियाणा का विकास किस पार्टी के हाथों हो सकता है, जनता जानती है। आज आम आदमी पार्टी की सरकार में दिल्ली में सबसे अधिक भ्रष्टाचार व्याप्त है। कई विधायक और कई मंत्री भ्रष्टाचार के लेनदेन में पकड़े गए हैं। दिल्ली का विकास पूरी तरह से ठप्प पड़ा है। जनता की नेक कमाई को पार्टी प्रचार में कैसे लगाएं, आम आदमी पार्टी के नेता केवल इन कोशिशों में लगे रहते हैं। पंजाब सरकार के गठन के 6 महीने बाद ही सच्चाई देश के सामने आ जाएगी।
भाजपा बैठकों में भरी जाती है राष्ट्रवाद की भावना :राजीव जैन
जैन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सोच अन्य राजनीतिक दलों से बिल्कुल अलग है। 5 साल तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता को बनाए रखने के लिए उन्हें हर दिन एक नया काम दिया जाता है। चाहे पार्टी को मजबूत करने के लिए हो, स्थापना दिवस मनाने के लिए या अब 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती मनाई जाएगी इसके लिए हो। लगातार सरकार की योजनाओं को आम आदमी तक पहुंचाने के प्रयास में हमारे कार्यकर्ता रहते हैं। प्रदेश और राष्ट्रीय लेवल की बैठकों में हमेशा कार्यकर्ताओं की हौसला अफजाई और जनहित - जनसेवा के भाव पैदा करने को लेकर दिशा निर्देश दिए जाते हैं ताकि फील्ड में कार्यकर्ता पूरी तरह से सक्रिय रहे। जैन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूरे 5 साल चुनाव के लिए हमेशा तैयार रहती है। और यही भाजपा के सिपाहियों को सिखाया जाता है। विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर जनता में जाने की परंपरा भाजपा की है। उसी नियत से संगठन महामंत्री बीएल संतोष समेत अनेक राष्ट्रीय नेताओं ने अलग-अलग बैठकों में अलग-अलग दायित्वों को कार्यकर्ताओं को सौंपा है। कार्यकर्ताओं को दिशा निर्देश दिए गए हैं कि जनता के प्रति निष्ठावान और उनकी दुख तकलीफों में हमेशा तैयार रहें।
चुनाव परिणाम कुछ भी रहे पहले दिन से जनता में रहकर हमेशा की है सोनीपत की सेवा :राजीव जैन
राजीव जैन की पत्नी कविता जैन सोनीपत से विधायक और प्रदेश की मंत्री रह चुकी हैं। यह परिवार पिछले 35 वर्षों से सोनीपत की राजनीति में सक्रिय हैं। जोकि पांच चुनाव लड़कर 2 में जीत दर्ज कर चुके हैं। जैन ने बताया कि चुनाव परिणाम के तुरंत बाद से लोगों की समस्याओं के समाधान की कोशिशें रहती हैं। कोरोनाकाल के दौरान घरों में खाना पहुंचाना, शहर को सैनिटाइजेशन करवाना और मच्छरों से बचाव के लिए फागिंग करवाने जैसे कार्य लगातार उनके द्वारा किए गए। सरकार द्वारा करवाए जा रहे कार्यों का निरीक्षण भी वह लगातार करते हैं। शहर की समस्याओं को मुख्यमंत्री व संबंधित मंत्रियों तक भी वह लगातार पहुंचाते हैं।
भ्रष्टाचार को रोकने में ऑनलाइन प्रक्रिया साबित हो रही है मील का पत्थर :राजीव जैन
राजीव जैन ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पहले दिन से ही भ्रष्टाचार को रोकने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। जिसमें ऑनलाइन प्रक्रिया एक मील का पत्थर साबित हो रहा है। प्रदेश सरकार ने अपनी लगभग सभी सेवाएं ऑनलाइन पीपीपी से जोड़ दी हैं। जिसमें पेंशन, राशन कार्ड और बीपीएल कार्ड बनवाने के लिए अब किसी को आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। सभी योजनाओं का लाभ परिवार पहचान पत्र के माध्यम से मिलेगा। जैन ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार में लिप्त बड़े से बड़े मगरमच्छ को जेल में ठोकने का काम किया है।