अब सरकार को एक सप्ताह का अल्टीमेटम

5/23/2018 9:36:51 AM

चंडीगढ़(पांडेय): सफाई कर्मचारियों के हड़ताल का कारवां अब दिनों-दिन बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को प्रदेश भर में विभिन्न विभागों के कर्मचारी व मजदूरों ने हड़ताली निकाय कर्मचारियों की हड़ताल के समर्थन में शहरों एवं कस्बों मे जोरदार प्रदर्शन किए। अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी फैडरेशन के आह्वान पर सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा व सीटू के बैनर तले कर्मचारियों व मजदूरों ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के अंदर दमनात्मक व भड़काने वाली कार्रवाइयों को बंद कर कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं किया गया तो अन्य विभागों के कर्मचारी कामकाज ठप्प करने पर मजबूर होंगे। 

इन प्रदर्शनों में बिजली, रोडवेज, जन स्वास्थ्य, सिंचाई, लोक निर्माण, शिक्षा, पशु पालन, स्वास्थ्य, वन, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित बोर्डों, निगमों, पालिकाओं, परिषद व नगर निगमों, विश्वविद्यालयों के कर्मचारियों ने शामिल होकर हड़ताल के प्रति एकजुटता प्रकट की। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रधान धर्मबीर फोगाट व महासचिव सुभाष लाम्बा और सीटू के प्रधान सतबीर सिंह व महासचिव जय भगवान ने मंगलवार को प्रदेश भर में हुए प्रदर्शनों की सफलता का दावा करते हुए बताया कि प्रदर्शनों में भारी संख्या में कर्मचारियों ने शामिल होकर निकाय कर्मचारियों की हड़ताल व मांगों का पुरजोर समर्थन किया है।

ग्रामीण सफाई कर्मचारी भी समर्थन में उतरे 
शहरों के सफाई कर्मियों के आंदोलन को अब गांवों के सफाई कर्मियों का साथ मिल गया है। गांवों में कार्यरत करीब 10 हजार ग्रामीण सफाई कर्मचारी भी निकाय कर्मचारियों की हड़ताल के खुलकर समर्थन में आ गए है। ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष बसाऊ राम व महासचिव विनोद कुमार ने बताया कि अगर सरकार ने पालिका कर्मचारियों की हड़ताल का बातचीत से समाधान नहीं किया तो ग्रामीण सफाई कर्मचारी भी हड़ताल में कूद जाएंगे।

23-24 मई को मंत्रियों व विधायकों के आवासों पर होंगे प्रदर्शन
नगरपालिका कर्मचारी संघ के प्रदेश प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने दावा किया कि सरकार के हड़ताल को कुचलने के तमाम प्रयासों के बावजूद 30 हजार से ज्यादा निकाय विभाग के कर्मचारी हड़ताल पर डटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि 23 व 24 मई को सभी मंत्रियों व भाजपा के सभी विधायकों के आवासों पर सरकार को कुंभकर्णी नींद से जगाने के लिए सूर्योदय होने से पहले थालियां, घंटाल व शंख बजाकर प्रदर्शन किए जाएंगे।

मंत्रियों की बैठक में भी फैसला नहीं  
सफाई कर्मियों की हड़ताल खत्म करवाने को लेकर मंगलवार को शहरी निकाय मंत्री कविता जैन और राज्यमंत्री मनीष ग्रोवर के साथ विभागीय अफसरों की मंत्रणा हुई, लेकिन कर्मचारियों की मांगों पर कोई समाधान नहीं निकल सका। खुद सरकार अभी तक समान काम, समान वेतन के वायदे पर भी खरी नहीं उतर पा रही है।
 

 

Rakhi Yadav