अब थानों में दर्ज मुकद्दमों का हिसाब लेंगे अनिल विज

12/1/2019 11:42:22 AM

चंडीगढ़ (पांडेय): गृह मंत्री अनिल विज ने अब थानों में दर्ज मुकद्दमों को खंगालने का काम शुरू कर दिया है। विज ने दर्ज मुकद्दमों और उन पर कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है।  खासतौर से ऐसे मुकद्दमों की सूची पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है,जो वर्षों से लंबित हैं। इस  बाबत गृह मंत्री ने डी.जी.पी.  मनोज यादव के साथ भी मंत्रणा की। जिला पुलिस कप्तानों से  15 दिन में जिला वार रिपोर्ट मंगवाने के आदेश दिए हैं।

गृहमंत्री विज के पास पुलिस से संबंधित सैंकड़ों शिकायतें आ रही हैं। अधिकांश में पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप है। काफी शिकायतें ऐसी हैं जिनमें पुलिस ने मामला तो दर्ज कर लिया लेकिन महीनों तक आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।संगठित अपराध व नशे के सौदागरों पर होगा एस.टी.एफ. का प्रहार ऑप्रेशन प्रहार को लेकर अब स्पैशल टास्क फोर्स (एस.टी.एफ.) को खास टास्क दिया गया है। गृह मंत्री ने एस.टी.एफ. मुखिया एवं आई.जी. अमिताभ ढिल्लों के साथ मंत्रणा की और 15 दिन में ऐसे संगठित गिरोह व नशे के सौदागरों की कमर तोडऩे के आदेश दिए हैं।

सूत्रों की मानें तो जिला पुलिस के अलावा अब दूसरे प्रदेशों से नशे की खेप लाने वाले बड़े गिरोह के सरगनाओं तक एस.टी.एफ. पहुंचेगी। डी.जी.पी. ने गृह मंत्री को मिलकर दी जानकारीकानून-व्यवस्था और आप्रेशन प्रहार में सफलताओं की जानकारी देने के लिए डी.जी.पी. मनोज यादव ने गृह मंत्री को 10 दिन की स्थिति से अवगत करवाया। आधे घंटे तक डी.जी.पी. ने सिलसिलेवार तरीके से कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा की और भरोसा दिया कि नशे के  खिलाफ आप्रेशन प्रहार में जल्द बड़ी सफलता मिलेगी। गृह मंत्री ने भी पुलिस के कार्यों पर संतुष्टि जताई लेकिन आम जनता को न्याय दिलवाने के लिए शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने के आदेश दिए।

Isha