अब पर्ची से न पैसे से, भर्ती होगी मैरिट से : कैप्टन

7/1/2019 9:41:27 AM

बास (पंकेस): वित्त एवं राजस्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सरकार ने कई मायनों में प्रदेश की कायापलट कर दी है। अब हरियाणा में पैसे या पर्ची से नहीं बल्कि पेपर देकर मैरिट में आने वाले युवाओं को नौकरियां मिल रही हैं। वित्तमंत्री ने यह बात रविवार को गांव उगालन के राजकीय स्कूल में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम में जननायक जनता पार्टी के नेता अधिवक्ता सुशील खर्ब ने अपने हजारों समर्थकों सहित भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष व टोहाना विधायक सुभाष बराला ने उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर व पार्टी का चुनाव चिन्ह देकर विधिवत रूप से भाजपा में शामिल किया। 

वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि इनैलो सरकार के 5 साल के कार्यकाल में 5630 लोगों को नौकरियां दी गई थीं, जबकि भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सरकार के 10 साल के कार्यकाल में 18 हजार लोगों को नौकरियां दी गईं। वर्तमान प्रदेश सरकार के पौने 5 साल के कार्यकाल में 1 लाख लोगों को नौकरियां दी गई हैं, जो अब तक का रिकॉर्ड है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि केवल भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसके कार्यकत्र्ता सम्मान पाने के साथ-साथ बड़े से बड़े पद तक पहुंच सकते हैं। 

उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में तेजी से दूसरी पाॢटयों के नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र पूनिया ने कहा कि जिले के साथ-साथ पूरे प्रदेश में भाजपा की लोकप्रियता दिनोंदिन बढ़ रही है। भाजपा में शामिल होने वाले अधिवक्ता सुशील खर्ब ने कहा कि मैंने बिना शर्त केवल भाजपा की नीतियों व सबका साथ-सबका विकास की सोच को देखते हुए भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया है।

Edited By

Naveen Dalal