अब पड़ेगा ठंड से पाला, हिसार में रात्रि पारा सामान्य से 5 डिग्री नीचे पहुंचा

12/17/2021 8:13:00 AM

हिसार : पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और सर्द हवाएं चलने से हरियाणा में मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश में कई जगहों पर धुंध का असर रहा। बदले मौसम के कारण वीरवार को अम्बाला, हिसार, भिवानी, नारनौल, रोहतक में कड़ाके की ठंड पड़ी। इन सभी जगहों पर दोपहर का पारा 20 डिग्री सैल्सियस से नीचे रहा। वहीं रात्रि पारा हिसार में सामान्य से 5 डिग्री सैल्सियस नीचे पहुंच गया है।

भारतीय मौसम विभाग द्वारा दर्ज आंकड़ों के अनुसार यह पारा 3.8 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। जो इस सर्द मौसम का फिलहाल सबसे कम तापमान है। हिसार के बाद अम्बाला में रात्रि पारा सामान्य से 3 डिग्री सैल्सियस नीचे 4.5 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। सिरसा में रात्रि पारा 5.3 डिग्री सैल्सियस रहा। हिसार में दोपहर का पारा भी सामान्य से 5 डिग्री सैल्सियस नीचे रहा। यह तापमान 18.8 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। अम्बाला में यह पारा 19.7 डिग्री सैल्सियस, भिवानी में 16.8 डिग्री सैल्सियस (सामान्य से 7 डिग्री नीचे), नारनौल में 18.4 डिग्री सैल्सियस (सामान्य से 5 डिग्री नीचे) और रोहतक में 16.3 डिग्री सैल्सियस (सामान्य से 8 डिग्री नीचे) दर्ज किया गया। 

गौरतलब है कि मौसम विभाग पहले ही 20 दिसम्बर तक मौसम में बदलाव की संभावना जता चुका था। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय स्थित कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डा. मदनलाल खिचड़ ने बताया कि क्षेत्र में 17 से 20 दिसम्बर तक मौसम खुश्क रहेगा। उत्तर-पश्चिमी शीत हवाएं चलने से रात्रि तापमान में गिरावट आएगी। मौसम विभाग की मानें तो 17 दिसम्बर से प्रदेश के कई जिलों में शीत लहर चल सकती है। इससे ठंड का प्रकोप ज्यादा बढ़ेगा। वहीं बदले मौसम में अलसुबह धुंध वाहन चालकों के लिए मुसीबत बनी रही। हाईवे पर धुंध का ज्यादा असर दिखा। 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

Manisha rana