अब मजदूराें काे मात्र 10 रुपए में मिलेगा भरपेट खाना, कृषि मंत्री ने किया कैंटीन का शुभारम्भ

2/8/2020 5:46:19 PM

भिवानी : शहर की अनाज मंडी में अब रोजाना 300 मजदूरों को 10-10 रुपए में भरपेट भोजन मिला करेगा। इन मजदूरों को यह खाना सुबह 11 से 3 बजे तक पहले आओ-पहले पाओ स्कीम के तहत मिलेगा। इसके लिए शुक्रवार को अनाज मंडी में अटल किसान मजदूर कैंटीन का कृषि मंत्री जे.पी. दलाल ने शुभारम्भ कर दिया है। हालांकि, खाने की यह थाली 25 रुपए में तैयार होगी लेकिन इसमें से 15 रुपए की सबसिडी मार्कीटिंग बोर्ड वहन करेगा। 

यहां बता दें कि इस तरह की कैंटीन इससे पहले करनाल में मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा खोली जा चुकी है, वहीं शुक्रवार का इसका शुभारम्भ भिवानी में भी हो गया। इसलिए भिवानी प्रदेश का दूसरा जिला बन गया जहां इस तरह की कैंटीन का शुभारम्भ किया गया है। इस कैंटीन में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा उत्तम क्वालिटी, पौष्टिक व स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध करवाया जाएगा। 

सभी अनाज मंडियों में खोली जाएंगी मिट्टी जांच की लैब
कृषि एवं पशुपालन मंत्री ने कहा कि सरकार किसान की आमदनी बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। हाल ही में पेश किए गए केंद्रीय बजट में भी किसानों की आमदनी बढ़ाने पर जोर दिया गया है और। उन्होंने कहा कि किसान और मजदूर की हालत सुधारने पर ही देश की तरक्ती निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि किसानों की आमदनी बढ़ाने में हरियाणा प्रदेश सबसे अव्वल स्थान पर होगा, इसके लिए किसानों को सबसे सस्ती दरों पर बिजली, पानी मुहैया करवाया जा रहा है।

 

Isha