अब सरकार के निशाने पर कई RTA

8/11/2017 8:59:47 AM

चंडीगढ़ (पांडेय):हरियाणा के आर.टी.ए. दफ्तरों में फैले भ्रष्टाचार के मामलों पर शिकंजा कसने की कवायद में अब सरकार के निशाने पर प्रदेश के कई आर.टी.ए. सचिव आ गए हैं। आर.टी.ए. सचिवों पर कार्रवाई को लेकर ही एक दिन पहले सी.एम. फ्लाइंग की टीम ने प्रदेश के सभी आर.टी.ए. दफ्तरों पर एक साथ छापामारी की थी। इस छापामारी के जरिए अब सरकार कई आर.टी.ए. सचिवों के भ्रष्टाचार तक पहुंचने की तैयारी में है। सूत्रों की मानें तो कई आर.टी.ए. सचिवों की जल्द छुट्टी भी की जा सकती है। उससे पहले सी.एम. फ्लाइंग टीम द्वारा ऐसे अफसरों का ब्यौरा एकत्र किया जा रहा है और दलालों के जरिए पैसा कमाने वालों की सूची मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर तक पहुंचाई जाएगी। खुद आई.जी. सी.आई.डी. अनिल राव ने भी माना कि उन्हें आर.टी.ए. दफ्तरों के भ्रष्टाचार की शिकायतें कई दिनों से मिल रही थी।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री के निर्देशों पर सी.एम. फ्लाइंग टीम ने एक दिन पहले प्रदेश के 22 कार्यालय और तीन अन्य स्थानों सहित प्रदेश में 25 स्थानों पर छापामारी की थी। इस मामले में जांच शुरू करने के साथ ही 3 मामले भी दर्ज किए गए थे। बताया गया कि आर.टी.ए. दफ्तरों में बिचौलियों के साथ मिलकर अवैध काम करने की शिकायतें लंबे समय से सरकार के पास मिल रही थी। इन मामलों का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने इस संबंध का पता लगाने के लिए इन कार्यालयों में छापे मारने के निर्देश दिए थे।