अब क्लीनिक में जल्द शुरु होगी गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी, सिविल सर्जन ने जारी किए निर्देश

2/14/2020 12:31:17 PM

जींद (मलिक) : हुडा के सैक्टर-8 में बने पॉली क्लीनिक में अब गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी भी होगी। डिलीवरी के लिए पॉली क्लीनिक में जरूरी इंतजाम करने के निर्देश सिविल सर्जन डा.जयभगवान जाटान ने दिए हैं। सैक्टर-8 में कई साल पहले पॉली क्लीनिक का निर्माण हुआ था। इस समय पॉली क्लीनिक में आयुष विभाग के पंचकर्म केंद्र के अलावा स्वास्थ्य विभाग की ओ.पी.डी. चिकित्सा सेवाएं चल रही हैं।

पॉली क्लीनिक में 7 स्टाफ नर्स, 2 एल.टी., 2 फार्मासिस्ट, एक महिला बी.ए.एम.एस. चिकित्सक इस समय नियुक्त हैं। यह अमला गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी करवाने के लिए पर्याप्त है। इस पॉली क्लीनिक में आप्रेशन थिएटर से लेकर डिलीवरी रूम आदि भी उपलब्ध हैं लेकिन अभी तक यहां गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी शुरू नहीं की गई है। नए सिविल सर्जन डा.जयभगवान जाटान ने 2 दिन पहले पॉली क्लीनिक का निरीक्षण किया था।

निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन को यहां गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी करवाने के लिए डिलीवरी रूम से लेकर स्टाफ नर्स, महिला चिकित्सक और ए.एन.एम. आदि की नियुक्ति की जानकारी मिली तो उन्होंने पॉली क्लीनिक में जल्द से जल्द गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी शुरू करवाने के निर्देश अपने मातहत अधिकारियों को जारी किए। इसमें सिविल सर्जन ने कहा कि पॉली क्लीनिक में गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी जल्द से जल्द शुरू हो जानी चाहिए। 
 

Isha