अब नए DGP के नामों पर होगी माथापच्ची

7/5/2018 10:44:13 AM

चंडीगढ़(पांडेय): हरियाणा में अब नए डी.जी.पी. की तैनाती सुप्रीमकोर्ट के दिशा-निर्देशों के तहत होनी तय हो गई है। हरियाणा के डी.जी.पी. बी.एस. संधू का सेवा कार्यकाल इसी 30 सितम्बर को खत्म हो रहा है। लिहाजा 2 महीने पहले यानी अगले कुछ दिनों में ही सरकार को नए डी.जी.पी. के लिए 3 अफसरों के नामों का पैनल संघ लोक सेवा आयोग को भेजना पड़ेगा। पैनल में वरिष्ठता का ध्यान भी रखना पड़ेगा। यही नहीं सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों की पालना में करीब 2 साल कार्यकाल वाले अफसरों को प्राथमिकता में शामिल भी करना होगा। मसलन इन नए निर्देशों का प्रभाव सरकार में सेटिंग के जरिए डी.जी.पी. बनने की इच्छा रखने वालों पर पड़ सकता है।

हरियाणा में खट्टर सरकार बनने के बाद बी.एस. संधू चौथे डी.जी.पी. हैं। संधू का सेवा कार्यकाल सितम्बर में खत्म हो रहा है। नए डी.जी.पी. की नियुक्ति से पहले सुप्रीम कोर्ट ने सभी राज्यों को एक खास एडवाइजरी जारी कर दी।  सुप्रीम कोर्ट ने डी.जी.पी. की नियुक्ति में यू.पी.एस.सी. में करीब 2 महीने पहले 3 अफसरों के नामों का पैनल भेजने तथा लंबे सेवा कार्यकाल वाले अफसरों को प्राथमिकता में रखने को कहा है। इस तरह से अब इसी महीने ही सरकार की ओर से डी.जी.पी. के नामों का पैनल भेजा जाएगा। संधू के बाद अब अक्तूबर में प्रदेश का नया डी.जी.पी. कौन होगा, इसको लेकर अब चर्चा शुरू हो गई है।

देशवाल, सल्वराज, सिंधू और देव वरिष्ठता सूची में आगे 
वरिष्ठता सूची का जिक्र करें तो 1982 बैच के आई.पी.एस. परमेंद्र राय सबसे सीनियर हैं लेकिन उनका सेवा कार्यकाल जनवरी 19 तक ही है। उसके बाद 1984 बैच के आई.पी.एस. एस.एस. देशवाल हैं जो मौजूदा में केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर हैं। उनका सेवा कार्यकाल अगस्त 2021 तक है जो 2 साल से ज्यादा समय तक रहेगा। इसी तरह से 1985 बैच के आई.पी.एस. अधिकारी के. सल्वराज का कार्यकाल भी जनवरी 21 तक है। 1985 बैच के आई.पी.एस. एवं पूर्व में डी.जी.पी. रह चुके के.पी. सिंह का सेवाकाल भी जुलाई 20 तक ही है। 

वहीं 1986 बैच के आई.पी.एस. वी.के. सिन्हा का सेवाकाल सितम्बर 19 तक ही है। 1986 बैच के ही के.के. सिंधू भी 2 वर्षों की वरिष्ठता सूची में हैं वह अगस्त 21 में रिटायर्ड होंगे। नए डी.जी.पी. को लेकर पूर्व में जो चर्चाएं होती रही हैं उनमें 1986 बैच के आई.पी.एस. पी.आर. देव हैं लेकिन इनका सेवाकाल भी सितम्बर 20 तक ही है जबकि 1987 बैच के के.के. मिश्रा का सेवाकाल जुलाई 21 तक रहेगा। अब देखना यह होगा सरकार इन अफसरों में से किन 3 अफसरों का नाम पैनल के लिए भेजती है।

Deepak Paul