अब शहरों की तरह चमकेंगे जिले के गांव, प्रशासन ने बनाया अब मास्टर प्लान

2/24/2020 11:11:44 AM

भिवानी : अगर सबकुछ ठीक ठाक रहा तो बहुत जल्द जिले के सभी गांव चंडीगढ़ की तरह चमकने लगेंगे। जिला प्रशासन ने इसके लिए तैयारियां करनी शुरू कर दी हैं। इसके लिए गांवों को साफ-सुथरा रखने के लिए सबसे पहले लोगों को जागरूक किया जाएगा और उसके बाद गंदगी फैलाने पर 50 रुपए से लेकर 5 हजार रुपए तक जुर्माना वसूल किया जाएगा। यह काम जिले के सभी 304 गांवों में किया जाएगा। यूं तो जिले के हर गांव में तरह-तरह की प्रतिभाएं हैं।

किसान व मजदूर मिलकर देश के लिए कड़ी मेहनत करते हैं। यहां के युवा फौज व पुलिस में भर्ती होकर देश व प्रदेश की रक्षा करते हैं। गांव का भाईचारा और खानपान पूरे देश में सबसे अच्छा माना जाता है। यहां के लाडले व लाडली खेलों की बदौलत पूरी दुनिया में भिवानी के नाम को रोशन करते हैं। इसके बावजूद जिले का शायद ही कोई गांव होगा जिसमें प्रवेश करते ही जगह-जगह कूड़े व गंदगी के ढेर दिखाई ना दें। 

प्रशासन ने बनाया अब मास्टर प्लान 
मगर अब जिला प्रशासन ने जिले के सभी गांवों को शहरों की तर्ज पर चकाचक करने के लिए मास्टर प्लान बनाया है। इसके तहत लोगों को जागरूक कर गंदगी ना फैलाने के लिए जागरूक किया जाएगा और उसके बाद जुर्माना लगाने का प्रावधान किया जाएगा। इसके साथ ही कूड़े व कचरे के प्रबंधन के लिए हर गांव में वेस्ट मैनेजमैंट प्लांट बनाया जाएगा। इसके लिए प्रशासन ने 52 करोड़ 80 लाख रुपए के बजट की डिमांड मुख्यालय को भेजी है। 

Isha