अप्रवासी भारतीय व्यवसायी नरेंद्र जोशी ने पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा से की शिष्टाचार भेंट

8/29/2023 8:11:17 PM

कुरुक्षेत्र: करीब तीन दशक पूर्व कुरुक्षेत्र की धरती से जाकर अमेरिका के वाशिंगटन डी.सी., वर्जीनिया, मैरीलेंड, बोस्टन सहित विभिन्न राज्यों में सफल व्यवसाय स्थापित करने वाले अप्रवासी भारतीय व्यवसायी नरेंद्र जोशी ने हरियाणा सरकार के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक अरोड़ा से उनके निवास स्थान पर मुलाकात की। अप्रवासी भारतीय नरेंद्र जोशी रक्षाबंधन पर कुरुक्षेत्र आए हैं।  

इस मौके पर अरोड़ा तथा जोशी ने प्रतिदिन भारत से विदेश जाने वाले युवाओं के आंकड़ों पर चर्चा की। जोशी ने भी बताया कि उनकी जानकारी के अनुसार बहुत तेजी से भारतीय अमेरिका, कनाडा, आस्ट्रेलिया, जर्मनी तथा इंग्लैंड इत्यादि देशों में पहुंच रहे हैं। भारत से विदेश गए युवा किसी भी तरह का कार्य करने को तैयार हैं। ऐसा क्या कारण है कि भारत के प्रतिभाशाली युवाओं को विदेश जाना ही क्यों पसंद है।  

पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा ने कहा कि हमारे देश के बच्चों में योग्यता बहुत है। चंद्रयान-3 का चन्द्रमा पर उतरना भी भारतीय लोगों की प्रतिभा का ही प्रमाण है। इतिहास रचने एवं  चंद्रयान-3 की सफलता के लिए इसरो के वैज्ञानिक एवं भारतवासी बधाई के पात्र बने हैं।

अशोक अरोड़ा ने कहा कि दुःख का कारण है कि हमारे देश में अब रोजगार के साधन नहीं हैं। बेरोजगारी एवं लोगों को अच्छी सुविधाएं न मिलने की वजह से आज हमारे देश के प्रतिभाशाली डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक तथा आई. टी. सेल से जुड़े लोग आज विदेश जाना पसंद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज तो हालत यह है कि 12 वीं कक्षा के बाद ही बच्चे विदेश में भाग रहे हैं। चिंता का विषय तो यह है कि युवाओं को रोजगार न मिलने की वजह से नशे और अपराध में जा रहे हैं। अरोड़ा ने कहा कि सरकार को चाहिए कि यहां के युवाओं को प्रतिभा के अनुसार उनको रोजगार एवं पैकेज मिले। युवाओं का हक मरना नहीं चाहिए। जिससे युवाओं की प्रतिभा का लाभ हमारा देश उठा सकेगा।

प्रवासी भारतीय नरेंद्र जोशी ने बताया कि अशोक अरोड़ा से उनकी शिष्टाचार मुलाकात हुई है। अरोड़ा अमेरिका में भी उनके पास आए थे। जोशी ने कहा कि उनका राजनीति से कोई संबंध नहीं है। मेरा आपसी प्रेम एवं भाईचारा है, जब भी मैं भारत आता हूँ तो सभी से पारिवारिक संबंधों के कारण मिलता हूँ। नरेंद्र जोशी ने कहा कि उनकी हर भारतीय त्यौहार पर कोशिश होती है कि अपने भारत देश में त्यौहार मनाऊं। जिस प्रकार दिवाली, दशहरा तथा गीता जयंती पर भारत में आते हैं तो रक्षा बंधन पर भी कोशिश होती है कि अपनी बहनों को उपहार इत्यादि देकर आशीर्वाद मिलता है। यही कारण है कि हर त्यौहार पर अमेरिका से भारत में आने की कोशिश रहती है।

                 (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)      

Content Writer

Saurabh Pal