अमेरिका से लौटते ही एनआरआई दूल्हा हो गया गिरफ्तार, चौथी बीवी ने लगाए थे गंभीर आरोप

11/9/2020 12:21:37 AM

टोहाना (सुशील): चार शादियां कर चुके रोहतक निवासी एनआरआई को अमेरिका से लौटते ही टोहाना की शहर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी को रोहतक से टोहाना लेकर आई और थाने से ही जमानत दे दी। एनआरआई के खिलाफ उसकी पत्नी ने शहर थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसमें उसने दहेज के लिए प्रताडि़त करने सहित कई आरोप लगाए थे।

जानकारी अनुसार शिकायतकर्ता महिला की भी एनआरआई के साथ दूसरी शादी थी। पहले पति को वह तलाक दे चुकी है, जिसकी जानकारी उसने एनआरआई को दे दी थी। शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि एनआरआई नरेश कुमार ने पहले शादियां की हुई हैं और वह उसकी पत्नी है। उसने बताया कि 30 नवंबर 2018 को उसकी मुलाकात हिसार में नरेश से हुई थी, 21 दिसंबर 2018 को नरेश ने उसे जींद बुलाया। वहां उसके फिजिकल टेस्ट करवाए। उसने वहां नरेश को 19 जनवरी 2018 को हुई अपनी पहली शादी के बारे में बताया। 8 फरवरी 2019 को नरेश ने फोन किया कि वह उससे शादी करना चाहता है।



शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि 18 फरवरी को शादी फाइनल कर दी गई। शादी के बाद वह नरेश के साथ रोहतक ससुराल चली गई। एक महीने बाद वहां से नरेश अमेरिका चला गया और उसके बाद फोन तक नहीं उठाए। महिला का आरोप है कि जरूरत के नाम पर नकद रुपये व जेवरात एनआरआई और उसके परिवार ने सारा पैसा, जेवरात ले लिए और पैसे की मांग करके उसे प्रताडि़त करने लगे। 

पुलिस ने इसी साल 26 जनवरी को महिला की शिकायत पर रोहतक निवासी नरेश व उसके पिता अजीत पर धारा 420, 498ए, 406, 323, 506 व 34 आईपीसी के तहत केस दर्ज किया था। टोहाना के डीएसपी बिरम सिंह ने बताया कि अमेरिका से रोहतक पहुंचे एनआरआई नरेश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पत्नी ने उस पर दहेज के लिए प्रताडि़त करने के आरोप लगाए थे।

Shivam