आश्वासन के बावजूद शुरू हुई तबादला प्रक्रिया, तो आर-पार के मूड में आए नर्सिंग ऑफिसर्स; जल्द होगा बड़ी हड़ताल का ऐलान!
punjabkesari.in Friday, Nov 13, 2026 - 04:42 PM (IST)
चंडीगढ़: हरियाणा स्वास्थ्य विभाग ने ऑनलाइन मॉडल ट्रांसफर पॉलिसी के तहत फेज-2 की ट्रांसफर प्रक्रिया से पहले कर्मचारियों का एचआरएमएस का डाटा अपडेट करने की समयसीमा बढ़ाकर 15 नवंबर कर दी है।
विभाग ने सभी नामित चेकर्स को कर्मचारियों की सर्विस वेरिफिकेशन पूरी करने, रिकॉर्ड में सुधार करने और उनकी आपत्तियों का निपटारा करने के निर्देश दिए हैं। सर्विस वेरिफिकेशन 31 अगस्त तक के रिकॉर्ड के आधार पर करनी होगी। वहीं विभाग के इस कदम पर नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने फिर आंदोलन की चेतावनी दी है।
एसोसिएशन की प्रदेशाध्यक्ष विनीता बांगड़ ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पांच और छह अक्तूबर को हुई हड़ताल के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने आश्वासन दिया था कि नर्सिंग ऑफिसर्स को इस पॉलिसी से बाहर रखने की सिफारिश मुख्यमंत्री से की जाएगी। इसके बाद हड़ताल समाप्त की गई थी, लेकिन अब फिर ट्रांसफर प्रक्रिया शुरू हो रही है। बांगड़ ने कहा कि एसोसिएशन अनिश्चितकालीन हड़ताल की तैयारी कर रही है और जल्द तारीख घोषित करेगी। 14 नवंबर तक जिलों में बैठकें होगी।
एसोसिएशन ने महिला कर्मचारियों की सुरक्षा, आवास सुविधा, दूसरे जिले में तबादले पर बच्चों की एडमिशन फीस का खर्च सरकार की ओर से उठाने और केंद्र के समान नर्सिंग अलाउंस देने की मांग भी की है।