फसलों के अवशेष जलाने पर कार्रवाई करने पहुंचे, अधिकारियों व कर्मचारियों को बनाया बंधक

10/25/2020 9:51:08 AM

यमुनानगर: कृषि विभाग द्वारा खेतों में किसानों द्वारा फसलों के अवशेष जलाए जाने वाले किसानों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में लगभग किसानों पर 1 लाख 40 हजार रुपए से अधिक का जुर्माना भी लगाया जा चुका है। शनिवार को जब खंड बिलासपुर के गांव महमूदपुर में कृषि विभाग के कर्मचारी व अधिकारी खेतों में पहुंचे तो किसानों ने उन्हें बंधक बना लिया।

किसी तरह यह जानकारी पुलिस को भी लगी और मौके पर पुलिस पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने किसानों को समझाया। वहीं दूसरी ओर मौके पर उपस्थित किसानों ने इसकी जानकारी भारतीय किसान यूनियन के नेताओं को दी और जानकारी मिलते ही यूनियन के नेता भी वहां पर पहुंचे और किसी तरह यह आश्वासन देकर बंधक अधिकारी व कर्मचारियों को छुड़वाया कि किसान पर किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।

किसानों का कहना था कि कृषि विभाग के अधिकारियों को सैटेलाइट के माध्यम से खेतों में लगी आग तो दिखाई दे जाती है चाहे वह किसान ने कबाड़ में ही क्यों न लगा रखी हो लेकिन सड़कों पर धुआं फैंकती गाडिय़ांं व 24 घंटे कारखानों की धुआं उगलती चिमनियां दिखाई नहीं देती। किसान नेताओं का कहना था कि पराली जलाना भी किसान की मजबूरी है। यदि किसान पराली न जलाए तो वह अगली फसल की बिजाई कैसे करेगा। यदि नहीं करेगा तो भूखा मरेगा। किसान तो इसी तरह फसलों के अवशेष जलाएंगे क्योंकि उनके पास कोई और चारा नहीं है। 

Isha