बाल दिवस पर मुख्यमंत्री ने किया इंडियन साइन लैंग्वेज की पाठ्य पुस्तिका का विमोचन

11/14/2021 11:40:19 PM

गुरुग्राम (मोहित): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बाल दिवस पर गुरूग्राम के श्रवण एवं वाणी निशक्तजन कल्याण केन्द्र द्वारा निशक्तजनों के लिए तैयार की गई 5वीं कक्षा तक की इंडियन साइन लैंग्वेज की पाठ्य पुस्तिका का विमोचन किया। ऐसी पाठ्य पुस्तकें देश में पहली बार बनाई गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इंडियन साइन लैंग्वेज केवल बधिरों की ही भाषा ना मानें क्योंकि इसको सीखने की आवश्यकता बधिरों के परिजनों को तो होती ही है, अन्य लोगों को भी इसकी न्यूनतम जानकारी होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने श्रवण एवं वाणी निशक्तजन कल्याण केन्द्र का दौरा किया और वहां पर चलाई जा रही गतिविधियों को देखा। उन्होंने इस केन्द्र में अर्ली इंटरवेंशन सैंटर , डिजीटल साइन लैब आदि का अवलोकन भी किया और निशक्तजन कल्याण केन्द्र के बच्चों द्वारा बनाई गई वस्तुओं की प्रदर्शनी को देखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि 6 वर्ष तक की आयु के तथा पहली से पांचवी तक के बधिर बच्चों के लिए जो इस केन्द्र ने पाठ्य पुस्तके तैयार की हैं। उससे हरियाणा प्रदेश ही नहीं देश के श्रवण एवं वाणी निशक्तजनों को लाभ होगा।



कार्यक्रम में बताया गया कि देश में ऐसे व्यक्तियों की संख्या लगभग 50 लाख है और हरियाणा में लगभग डेढ़ लाख व्यक्ति हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस कल्याण केन्द्र में साइन लैंग्वेज के साथ साथ डिजीटल साइन लैंग्वेज की लैब बनाई गई हैं जहां पर श्रवण एवं वाणी निशक्तजनों के लिए 600 से ज्यादा वीडियो बनाए गए जिनका प्रयोग कोविड के दौरान हुआ। ये वीडियो देशभर के बधिरों के लिए उपयोगी होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कल्याण केन्द्र में आकर उन्हें लगा है कि यहां पर बहुत बड़ा चमत्कार हो रहा है। सुनने और बोलने के शारीरिक अभाव वाले बच्चों के लिए साइन लैंग्वेज के द्वारा सामान्य जीवन जीने के लिए भाषा को विकसित करने का अभूतपूर्व कार्य किया जा रहा है। इस केन्द्र में इन बच्चों का जीवन सरल बनाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि इन बच्चों को सामान्य व्यक्तियों की तरह पारंगत करने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर आदि की जो भी जरूरत होगी उसमें सरकार पूरा सहयोग करेगी।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Shivam