विरोध होने पर भाजपा प्रत्याशी सुनीता दुग्गल ने किसान को कहा 'बावला' (VIDEO)

4/23/2019 3:16:16 PM

फतेहाबाद(रमेश भट्ट): फतेहाबाद के गांव हसंगा में भाजपा उम्मीदवार सुनीता दुग्गल को किसानों के जबरदस्त विरोध का सामना करना पड़ा। सुनीता दुग्गल गांव में वोटों की अपील करने पहुंचीं थीं। इस दौरान वे हंसगा में फसल खरीद केंद्र की ओर पहुंचीं तो किसानों ने भाजपा उम्मीदवार का विरोध किया। इस दौरान दुग्गल किसानों पर भड़क पड़ी और एक किसान को बावला तक कह दिया।

यहां मौके पर किसानों की भाजपा प्रत्याशी के साथ जमकर बहस हुई और किसानों के विरोध से भाजपा प्रत्याशी आवेश में आ गईं। जिसके बाद उन्होंने मौके पर बहस कर रहे किसान को 'बावला’ कह डाला। किसानों की मौके पर मांग की थी कि किसानों की फसल खरीद को लेकर भाजपा पार्टी के नेता डींगे हांकते हैं जबकि किसानों की फसल खरीदी नहीं जा रही है।

किसानों ने सुनीता दुग्गल से कहा कि आप वोट मांगने के लिए आ गई हैं लेकिन किसान वोट क्यों दें? किसानों की कोई बात नहीं सुनी जा रही। किसानों के साथ बहस के बाद भाजपा उम्मीदवार मौके से बैरंग लौट गईं।

वहीं इस मामले पर किसान संघर्ष समिति नेता मनदीप सिंह ने कहा कि भाजपा के राज में किसानों को पहले धान पराली के नाम पर प्रताडि़त किया गया और अब किसानों की फसल मंडियों में पड़ी और खरीद नहीं करके किसानों को प्रताडि़त किया जा रहा है। हसंगा गांव में किसानों ने भाजपा उम्मीदवार का विरोध किया और किसान संघर्ष समिति किसानों के इस विरोध का समर्थन करती है। भाजपा के राज में किसानों की हालत खराब है।

Shivam