28 मई को नए संसद भवन के सामने महिला सम्मान की होगी महापंचायत, देश भर से कई संगठन होंगे शामिल

5/26/2023 10:37:27 PM

दिल्ली(कमल कंसल): देश की महिला खिलाड़ियों द्वारा 28 मई को नई संसद के सामने बुलाई गई महापंचायत की तैयारियां अपने अंतिम दौर में हैं। आज खिलाड़ियों ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 28 मई को नए संसद भवन के सामने महिला सम्मान महापंचायत होगी, जिसमें हरियाणा और पंजाब से आने वाले किसान मजदूर जत्थेबंदियां सुबह 11:00 बजे तक सिंघु बॉर्डर पर पहुंचेंगी। वहीं हरियाणा की खाप पंचायतें और टोल प्लाज़ा पर जारी धरनों की संघर्ष कमेटियां टीकरी बॉर्डर पर सुबह 11:00 बजे तक पहुंचेंगी। उत्तर प्रदेश से आने वाली किसान जत्थेबंदियां और खाप पंचायतें सुबह 11:00 बजे तक गाजीपुर बॉर्डर पर पहुंचेंगी। इनके अलावा देश भर से आने वाले जो साथी ट्रेन या बस से आएँगे वे सभी सुबह 11:00 बजे जंतर मंतर स्थित धरनास्थल पर पहुँचेंगे। दिल्ली के सभी जन संगठन, महिला संगठन और छात्र संगठन भी जंतरमंतर पर ही पहुँचेंगे। इसके बाद आधे घंटे तक सभी मोर्चों पर जलपान होगा और 11:30 बजे सभी मोर्चों से शांतिपूर्वक संसद के सामने प्रस्तावित महिला सम्मान महापंचायत के लिए मार्च शुरू होगा जो संसद भवन के सामने पहुँच कर सभा में तब्दील हो जाएगा। खिलाड़ियों ने कहा कि हम हर हाल में शांतिपूर्ण रहेंगे और पूरे अनुशासन के साथ चलेंगे। पुलिस अगर लाठी चार्ज करेगी, आंसू गैस के गोले दागेगी या वाटर कैनन का उपयोग करेगी तो भी हम हिंसा का कोई रास्ता नहीं अपनाएंगे और सब कुछ सहेंगे। पुलिस अगर गिरफ्तार करेगी तो हम सब शांति के साथ गिरफ्तारी भी देंगे। कल दोपहर तक हर बॉर्डर की कमेटी में यह घोषणा कर दी जाएगी कि आंदोलन में भाग ले रहे जत्थेबंदियों और कमियों के एक-एक आदमी होंगे।

महिला खिलाड़ियों ने देशभर की महिलाओं का आह्वान किया कि वे महिला सम्मान महापंचायत में। जरूर पहुंचे। इसके अलावा देश में जितनी भी महिला सांसद, विधायक हैं, चाहे वो किसी भी पार्टी या किसी भी प्रदेश की हों वे भी इस महिला सम्मान महापंचायत में जरूर आएं। इस महापंचायत में पांच महिला खिलाड़ी, महिला संगठन की नेता और सशक्त ग्रामीण महिला अपनी बात सरकार के सामने रखेंगी और देश की महिलाएं उस दिन एक बड़ा फैसला लेकर इंसाफ मांगेंगी।

             (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)    

Content Editor

Ajay Kumar Sharma