विदेशी मुद्रा बदलने के नाम दिल्ली से युवक को गुड़गांव बुलाया, फिर करेंसी का बैग लेकर हुआ फरार, एक गिरफ्तार
punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 06:41 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): विदेशी मुद्रा बदलने के बहाने गुड़गांव बुलाकर एक व्यक्ति से लूट करने के मामले में गुड़गांव पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-43 ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान विपिन (उम्र 35 वर्ष, शिक्षा बीटेक) निवासी सैक्टर-4, जिला हिसार (हरियाणा) के रूप में हुई है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि उपरोक्त धोखाधड़ी की वारदात में प्रयोग किया गया मोबाइल नंबर/सिम कार्ड उपरोक्त अभियोग में अन्य आरोपी राकेश के नाम पर था।आरोपी राकेश ने उक्त सिम कार्ड आरोपी विपिन को 1,000 रुपये में दिया था। आरोपी विपिन ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने उक्त सिम कार्ड को अपने मोबाइल फोन में चलाकर उससे प्राप्त ओटीपी एक अन्य व्यक्ति को उपलब्ध करवाया था, जिसके माध्यम से व्हाट्सएप लॉगिन कर शिकायतकर्ता के साथ धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपी ने यह भी बताया कि ओटीपी उपलब्ध करवाने के एवज में उसे 50,000 रुपये प्राप्त हुए थे। पुलिस इस मामले में राकेश कुमार को 13 फरवरी को ही गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपी विपिन को अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया गया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से वारदात में शामिल अन्य आरोपियों, ठगी से प्राप्त धनराशि तथा धोखाधड़ी के नेटवर्क के संबंध में गहनता से पूछताछ की जा रही है।
आपको बता दें कि 3 फरवरी को सेक्टर-50 थाना पुलिस को एक व्यक्ति ने एक शिकायत दी थी कि वह विदेशी मुद्रा के विनिमय का कार्य करता है। 2 फरवरी को इसे व्हाट्सएप के माध्यम से कॉल प्राप्त हुई, जिसमें कॉल करने वाले व्यक्ति ने विदेशी मुद्रा खरीदने की बात कहकर इसे यूनिटेक बिजनेस ज़ोन, सेक्टर-50 बुलाया। यह 20,000 यूएस डॉलर तथा 3,000 यू.के. पाउंड लेकर बताए गए स्थान पर पहुंचा, जहां एक व्यक्ति ने स्वयं को अभिषेक बताकर विदेशी मुद्रा प्राप्त कर ली तथा भुगतान लाने का बहाना बनाकर फरार हो गया। बाद में उक्त व्यक्ति का मोबाइल फोन भी बंद मिला। इसको न तो इसकी विदेशी मुद्रा वापस मिली और न ही उसकी कीमत का भुगतान किया गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।