सावधान! कहीं किराएदार न कर ले आपके मकान पर कब्जा, खाली करने की एवज में मांगे लाखों रुपए

punjabkesari.in Thursday, Jul 30, 2026 - 09:36 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): अगर आपने भी अपना मकान किराए पर दिया है तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है। ऐसा न हो कि आप किसी को अपना मकान किराए पर दो और वह मकान पर ही कब्जा कर ले। मकान खाली करने के नाम पर मोटी रकम की मांग करे। ऐसा ही एक मामला सेक्टर-12ए में सामने आया है जहां रिहायशी प्लॉट पर अवैध कब्जा कर उसे खाली कराने के बदले 30 लाख रुपये की मांग और जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

पुलिस को दी गई शिकायत में सुमिता ने बताया कि वह सेक्टर-12ए, गुरुग्राम स्थित प्लॉट नंबर-493 की वैध मालिक हैं। यह प्लॉट उनके नाम विधिवत रजिस्ट्री और एचएसवीपी के दस्तावेजों के आधार पर दर्ज है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजबीर नामक व्यक्ति ने प्लॉट पर अवैध कब्जा कर रखा है और उसे खाली करने से इनकार कर रहा है। जांच के दौरान सामने आया कि मूल रूप से वर्ष 2010 में यह प्लॉट जितेंद्र खत्री के नाम आवंटित हुआ था। शिकायतकर्ता के ससुर सुरेश कुमार शर्मा ने प्लॉट से संबंधित भुगतान किया था। बाद में 5 अप्रैल 2024 को प्लॉट की रजिस्ट्री सुमिता के नाम कर दी गई। वर्ष 2011 में प्लॉट पर 25 प्रतिशत निर्माण कराया गया था और इसे रहने के लिए एक परिचित को दिया गया था।

 

पुलिस जांच में यह भी पाया गया कि आरोपी राजबीर ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर कथित रूप से जितेंद्र खत्री के नाम से फर्जी किरायानामा तैयार कर 21 फरवरी 2026 को बिजली का मीटर लगवा लिया। शिकायतकर्ता द्वारा बिजली विभाग में शिकायत करने के बाद बिजली कनेक्शन काट दिया गया। इसके बावजूद आरोपियों द्वारा प्लॉट खाली करने के बदले 30 लाख रुपये की मांग किए जाने और पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मामले में जांच अधिकारी एसआई अर्जुन ने कहा कि पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static