पुलिस और बदमाशों की फायरिंग में एक की मौत

8/8/2018 9:10:55 AM

नूंह मेवात(ऐ के बघेल): बीते दिन उतराखंड पुलिस पुन्हाना पुलिस के साथ मिलकर पटाकपुर गांव में शब्बीर नाम के बदमाश को गिरफ्तार करने गई। जिसको ग्रामीणों ने दो बार छुडा लिया। जब पुलिस आरोपी को तीसरी बार पकडने पहुंची तो पुलिस और बदमाशों में करीब दो घंटे तक फायरिंग हुई, जिसमें नेहदा गांव के 20 वर्षीय साहिब नाम के युवक की मौत हो गई। जिसके बाद पुलिस इस मामले में जवाब देने के बजाय  थाने का मुख्य द्वार बंद कर अपनी कार्रवाई करने में लग गई। वहीं एसपी का कहना है कि मामले की जांच केे लिए उन्होंने अधिकारी भेजे हैं, उसके बाद ही मीडिया को बताया जाएगा। 

गांव पटाकपुर पुन्हना के लोगों ने बताया कि उतराखंड और पुन्हाना की पुलिस गांव के ही शब्बीर पुत्र मुंशी को गिरफ्तार करने शाम को आई थी। बताया जाता है कि शब्बीर ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर उतराखंड के देहरादून में कुछ समय पहले एक मोबाइल का शोरूम लूटा था। जिसमें आरोपी और आई20 कार की सीसीटीसी कैमरे में कैद हो गई। बताया जाता है कि कार पुन्हाना खंड के गांव लुहिगाकला की है और उतराखंड पुलिस ने शब्बीर के कुछ साथियों को हिरासत में ले रखा है। उनकी ही निशानदेही पर उतराखंड पुलिस ने आरोपी शब्बीर को पकड़वाने में मदद मांगी थी।

गांव के लोगों ने नाम ने छापने की शर्त पर बताया कि पुलिस ने शब्बीर को गांव के ही नजदीक ज्वार के खेतों में उसे पकड लिया। लेकिन जैसे ही गांव के लोगों को पता चला तो ज्यादातर गांव के लोग पुलिस पर टूट पड़े। उन्होने शब्बीर को पुलिस के चंगुल से छुडा लिया। पुलिस ने दोबारा उसे पकड़ा लेकिन गांव की महिला और लोगों ने फिर से  उसे छुडा लिया। बताया जाता है कि इस भाग दौड में पुलिस ग्रामीण और बदमाश पुन्हाना लुहिंगा रोड पर गांव पटपडबास के पास पहुंच गए। जैसे ही दूसरे गांव के लोगों को पता चला तो तमाशा देखने के लिए आसपास गांव के लोग भी निकल आए।

पुलिस ने अपने आप को घिरा हुआ देखकर बदमाशों पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। जिनमें से एक गोली 23 वर्षीय साहिल पुत्र शहीद निवासी नहेदा को जा लगी। जिसकी मौत हो गई। गांवों के लोगों के गुस्से को देखते हुऐ पुन्हाना थाना और शहर पुलिस चौकी की निगरानी के लिए जिले की पुलिस सुरक्षा के लिए तैनात कर दी गई है। लोगों का आरोप है कि साहिल का किसी मामले से कोई लेना देना नहीं है। 
 

Rakhi Yadav