क्रेन की चपेट में आने से एक महिला की मौत, 2 पी.जी.आई. रैफर

10/17/2019 4:47:49 PM

कैथल (सुखविंद्र): गांव हरसौला-सिसमौर मार्ग पर खेत में काम के लिए जा रही 3 महिलाओं के  ऊपर क्रेन चढ़ गई। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों को अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां से उन्हें पी.जी.आई. रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव हरसौला निवासी नरेंद्र कुमार ने बताया कि उसकी मां शीला (50) गांव निवासी ही भरथो (70) व उसकी बेटी गुड्डी (35) के साथ खेत में काम से जा रही थीं।

गांव सिसमौर मार्ग पर एक क्रेन चालक ने उन्हें टक्कर मार दी और क्रेन उनके ऊपर से निकल गई। जिसमें वे तीनों गंभीर रुप से घायल हो गईं। तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसकी मां शीला को मृत घोषित कर दिया। जबकि भरथो व गुड्डी को पी.जी.आई. रेफर कर दिया। उधर, हादसे की सूचना मिलते ही एस.एच.ओ. तितरम मुकेश कुमार भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि क्रेन चालक अस्पताल तक घायलों को लेकर आया और उसके बाद फरार हो गया। पुलिस ने क्रेन चालक पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Isha