इकलौते भाई की दर्दनाक मौत, मिट्टी की ट्राली धंसने से दबा मजदूर... 5 बहनों का था सहारा
punjabkesari.in Sunday, May 24, 2026 - 08:42 PM (IST)
डबवाली : गांव सकताखेड़ा स्थित बायो प्लांट में हुए हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान जिला श्री मुक्तसर साहिब की तहसील गिदड़बाहा के थाना कोटभाई के गांव भुंदड निवासी सरीफ सिंह के रूप में हुई है। हादसा रात्रि करीब 12.30 बजे हुआ था। पुलिस ने मृत युवक के पिता लीडर सिंह के बयान पर इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई है। शनिवार को डबवाली के उपमंडल नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव उसके स्वजन को सौंप दिया।
पुलिस को दिए बयान में लीडर सिंह ने बताया कि उसकी पांच बेटियों का इकलौता भाई सरीफ सिंह था। वह दिहाड़ी मजदूरी करता था। 22 मई की शाम को वह सकताखेड़ा गांव स्थित बायो प्लांट में मजदूरी करने आया था। प्लांट में मिट्टी का काम चल रहा था। रात्रि करीब 12.30 बजे मिट्टी की ट्राली भरते समय ट्रैक्टर ट्राली जमीन में धंस गई और मिट्टी उसके बेटे सरीफ सिंह के ऊपर गिर गई। उसका बेटा ट्राली के नीचे जाकर टायर के सामने से मिट्टी निकाल रहा था। पास खड़े मजदूरों ने मिट्टी हटाकर उसके बेटे को बाहर निकाला। तब तक मिट्टी तले दबने से उसका दम घुट चुका था। उसकी मौत हो गई। उसके दो बेटे हैं।