स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026: हरियाणा से केवल फरीदाबाद को मिली जगह, 10 लाख आबादी वाली श्रेणी में 14वीं रैंक
punjabkesari.in Tuesday, Sep 08, 2026 - 12:36 PM (IST)
चंडीगढ़: देशभर में स्वच्छ वायु की स्थिति को लेकर जारी 'स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026' के परिणामों ने हरियाणा के लिए चिंता बढ़ा दी है। इस राष्ट्रीय रैंकिंग में प्रदेश का केवल एक जिला—फरीदाबाद—ही अपनी जगह बना सका है। हरियाणा का औद्योगिक शहर फरीदाबाद 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में 179.7 अंक हासिल कर 14वें स्थान पर रहा है।
10 लाख से अधिक आबादी वाली शीर्ष श्रेणी (कुल 48 शहर) में उत्तर प्रदेश का लखनऊ 198 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहा। वहीं, मध्य प्रदेश का इंदौर (197 अंक) दूसरे और जबलपुर (195 अंक) तीसरे स्थान पर रहा। इस श्रेणी में पंजाब का लुधियाना 151.2 अंकों के साथ 33वें स्थान पर रहा। सर्वेक्षण में 3 से 10 लाख तक की आबादी वाली श्रेणी में पंजाब के पटियाला ने 165.4 अंक हासिल कर 25वां स्थान पाया, जबकि जालंधर 124.5 अंकों के साथ 37वें स्थान पर रहा।
हरियाणा के प्रदर्शन पर सवाल
हरियाणा के केवल एक शहर का सूची में होना और उसकी भी 14वीं रैंक आना चिंताजनक माना जा रहा है। पर्यावरण विशेषज्ञों का कहना है कि एनसीआर क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों को और गति देने की आवश्यकता है, ताकि अगले सर्वेक्षण में प्रदेश के अन्य शहर भी शीर्ष रैंकिंग में जगह बना सकें।