सम्मान दिवस समारोह में सरकार पर आक्रामक हुए ओपी चौटाला, कहा- वायदा पूरा नहीं किया

9/25/2019 6:07:27 PM

कैथल: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके इनेलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला सम्मान दिवस समारोह में भाजपा सरकार पर काफी आक्रामक नजर आए। उन्होंने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्यक्ष को प्रमाण की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने चौटाला सरकार का संस्मरण कराते हुए कहा कि केन्द्र की सरकार ने ज्वार-बाजरे के मूल्य निर्धारित किए, लेकिन हरियाणा के किसानों का ज्वार का बाजरा नहीं खरीदा गया, जबकि हमने हर राज्य के किसानों का ज्वार-बाजरा प्रदेश सरका के तय मूल्यों पर खरीदा, जिसमें तत्कालीन सरकार को 326 करोड़ का नुकसान हुआ।

चौटाला ने कहा कि सरकार नुकसान बर्दाश्त कर सकती है, लेकिन किसान के लिए ये संभव नहीं है। इसलिए किसान को ये चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने काह कि सरकार बनाना आपकी जिम्मेवारी है, सरकार बनने के सारी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। उन्होंने कहा सरकार बनने के बाद हर पढ़े लिखे युवक को रोजगार दिया जाएगा।

इनेलो ने काटा 15 साल का वनवास
चौटाला ने 'महाभारत' और 'रामायण' का हवाला देते हुए कहा कि पांडवों को 12 वर्ष का वनवास मिला था, भगवान राम को राजतिलक मिलने की 14 वर्ष का वनवास मिला। उन्होंने कहा कि इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी 15 साल का वनवास काट चुकी है, 10 साल कांग्रेस का कुशासन रहा और पांच साल इन लुटेरों की सरकार रही, जिनके कारनामे बताने में बहुत समय लग जाएगा।

बता दें कि हरियाणा की राजनीति में क्षेत्रीय दलों में सबसे मजबूत इंडियन नेशनल लोकदल जिनके जनक पूर्व उप प्रधानमंत्री स्व. चौधरी देवीलाल चौटाला माने जाते रहे हैं। इनेलो हर साल की तरह इस बार भी चौ. देवीलाल की जयंति पर सम्मान दिवस समारोह का आयोजन कैथल में किया है। जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला ने जनसमूह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि इस बार हरियाणा में इनेलो की सरकार आएगी और ऐसी व्यवस्था की जाएगी, जिससे सरकार बदलने पर भी जनता कठिनाई न आए।

Shivam